Delhi women welfare schemes:(नई दिल्ली): राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने ने सोमवार को दिल्ली सरकार की चार महिला-केंद्रित कल्याणकारी योजनाओं का शुभारंभ किया। इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम में आयोजित “सशक्त नारी, समृद्ध दिल्ली” कार्यक्रम में उन्होंने ‘पिंक नेशनल कॉमन मोबिलिटी कार्ड’ समेत कई पहलों की शुरुआत की।
पिंक नेशनल कॉमन मोबिलिटी कार्ड’ किया लॉन्च
राष्ट्रपति ने ‘पिंक नेशनल कॉमन मोबिलिटी कार्ड’ को लॉन्च करते हुए कहा कि बसों में मुफ्त यात्रा और एकीकृत परिवहन सुविधा जैसी पहलें महिलाओं की स्वतंत्रता, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता को मजबूत करेंगी। उन्होंने कहा कि ऐसी योजनाएं महिलाओं की सार्वजनिक जीवन में भागीदारी बढ़ाने में सहायक होंगी।
त्योहारों पर मुफ्त एलपीजी सिलेंडर
कार्यक्रम के दौरान राशन कार्ड धारक परिवारों के लिए एक नई योजना की भी घोषणा की गई। इसके तहत होली और दिवाली पर प्रतिवर्ष दो एलपीजी सिलेंडर निशुल्क उपलब्ध कराए जाएंगे। एक आधिकारिक विज्ञप्ति के अनुसार, प्रत्यक्ष लाभ हस्तांतरण (डीबीटी) के माध्यम से 129 करोड़ रुपये सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में जमा किए जाएंगे।
‘लखपति बिटिया’ और ‘मेरी पूंजी, मेरा अधिकार’ पहल
राष्ट्रपति ने ‘दिल्ली लखपति बिटिया योजना’ और ‘मेरी पूंजी, मेरा अधिकार’ पहल की भी शुरुआत की। इन योजनाओं का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना तथा उन्हें वित्तीय अधिकारों के प्रति जागरूक करना है।
महिला सशक्तीकरण पर जोर
अपने संबोधन में मुर्मू ने कहा कि निर्णय लेने की स्वतंत्रता के साथ सशक्त महिलाएं समाज और राष्ट्र की दिशा बदल सकती हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि महिला सशक्तीकरण केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। राष्ट्रपति ने विश्वास व्यक्त किया कि नई योजनाएं महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाएंगी और “समृद्ध दिल्ली” के लक्ष्य को प्राप्त करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।