दिल्ली में मुनक नहर के किनारे बना 11 KM लंबा छठ घाट, नितिन नवीन और CM रेखा गुप्ता ने किया उद्घाटन

Delhi Chhath Puja 2026: दिल्ली में छठ महापर्व से पहले पूर्वांचल के लोगों को बड़ी सौगात मिली है। मुनक नहर के दोनों किनारों पर बनाए गए करीब 11 किलोमीटर लंबे छठ घाट का उद्घाटन BJP के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने किया। करीब 115 करोड़ रुपये की लागत से तैयार इन घाटों पर श्रद्धालु छठ पूजा के दौरान सूर्य को अर्घ्य दे सकेंगे। दिल्ली में रहने वाले पूर्वांचल के लोग लंबे समय से इस तरह की व्यवस्था की मांग कर रहे थे।

उद्घाटन कार्यक्रम में नितिन नवीन ने कहा कि दिल्ली में अब पूर्वांचल के लोगों को छठ पूजा मनाने से कोई नहीं रोक सकेगा और न ही कोई इस पर आपत्ति जता सकेगा। उन्होंने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की तारीफ करते हुए कहा कि उन्होंने दिल्ली के पूर्वांचलवासियों को बड़ा तोहफा दिया है। पिछले 20 महीनों में दिल्ली सरकार ने जो संकल्प लिए हैं, उन्हें पूरा करने की दिशा में काम किया जा रहा है। इसके लिए मुख्यमंत्री और उनकी पूरी सरकार बधाई की पात्र है।

12 साल से हो रही थी घाट बनाने की मांग

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि मुनक नहर के दोनों किनारों पर छठ घाटों का निर्माण होना उनके लिए सौभाग्य की बात है। इस काम का इंतजार वर्षों से किया जा रहा था, लेकिन पिछले 12 सालों में इस पर ध्यान नहीं दिया गया। उन्होंने कहा कि यह लोगों के वोट की ताकत है कि आज BJP के राष्ट्रीय अध्यक्ष उनके बीच मौजूद हैं। नितिन नवीन को इस दिन बिहार जाना था, लेकिन वह छठ महापर्व के कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे।

सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि वह भी पूर्वांचल के भाई-बहनों के साथ छठ मैया को अर्घ्य देंगी। साथ ही दिल्ली के सभी छठ घाटों पर जाकर श्रद्धालुओं से मुलाकात करेंगी।

प्रदूषण के मुद्दे पर केजरीवाल को घेरा

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री रेखा ने दिल्ली में प्रदूषण को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि जब दिल्ली में प्रदूषण बढ़ता था तो केजरीवाल इलाज कराने के लिए बेंगलुरु चले जाते थे और दो-दो महीने वहीं रहते थे। वहीं, अब दिल्ली सरकार के मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा सड़कों पर उतरकर काम कर रहे हैं।

छठ को स्वच्छता और प्रकृति की उपासना का पर्व बताया

नितिन नवीन ने मुनक नहर के पानी की स्वच्छता और पवित्रता का जिक्र करते हुए कहा कि छठ महापर्व केवल पूजा नहीं, बल्कि अनुशासन, स्वच्छता और प्रकृति की उपासना का प्रतीक है। इस पर्व में चार दिनों तक व्रती डूबते और उगते सूर्य को अर्घ्य देते हैं। पूजा के दौरान शुद्धता और पवित्रता का विशेष ध्यान रखा जाता है। उन्होंने कहा कि छठ में किसानों और उनकी मेहनत का भी सम्मान किया जाता है। फल, सब्जियां और ठेकुआ जैसे पारंपरिक प्रसाद इस पर्व का अहम हिस्सा हैं।

उन्होंने हरियाणा से दिल्ली को मिलने वाले पानी का जिक्र करते हुए कहा कि हरियाणा से पानी छोड़े जाने के कारण दिल्ली में छठ पूजा के लिए साफ पानी उपलब्ध हो पा रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि देश के 22 राज्यों में BJP की सरकार है और इसका फायदा देखने को मिल रहा है।

16 नवंबर को दिल्ली में सार्वजनिक अवकाश

दिल्ली सरकार ने छठ महापर्व के अवसर पर 16 नवंबर 2026 को सार्वजनिक अवकाश घोषित किया है। जारी अधिसूचना के अनुसार, प्रतिहार षष्ठी या सूर्य षष्ठी यानी छठ पूजा के दिन दिल्ली के सभी सरकारी कार्यालयों, स्वायत्त निकायों और सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों (PSUs) में छुट्टी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *