Delhi Bihar Bus Service: छठ महापर्व पर दिल्ली से बिहार जाने वाले लोगों को राहत मिलने वाली है। त्योहार के दौरान घर जाने वाले यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए दिल्ली और बिहार सरकार ने 77 अंतरराज्यीय बसें चलाने का फैसला किया है। दिल्ली के परिवहन मंत्री पंकज सिंह ने बृहस्पतिवार को बताया कि दोनों राज्यों की सरकारों ने यात्रियों को किफायती किराये पर सफर की सुविधा देने के लिए यह बस सेवा शुरू की है।
पंकज सिंह ने कहा कि दिल्ली में रहने वाले बिहार और पूर्वांचल के लाखों लोगों के लिए छठ पूजा का विशेष सांस्कृतिक और भावनात्मक महत्व है। सरकार बिहार के साथ मिलकर यह सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है कि लोग सुरक्षित और किफायती दरों पर अपने घर पहुंच सकें। उन्होंने कहा कि रियायती किराये पर अतिरिक्त बसें चलाना त्योहार के दौरान सार्वजनिक परिवहन को अधिक सुलभ बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
आनंद विहार से चलेंगी 77 बसें
शुरुआती व्यवस्था के तहत आनंद विहार बस टर्मिनल से बिहार के पांच प्रमंडलों के लिए कुल 77 बसें चलाई जा रही हैं। इनमें मुजफ्फरपुर के लिए सबसे अधिक 36 बसें निर्धारित की गई हैं। इसके अलावा पटना के लिए 13, पूर्णिया के लिए 12, गयाजी के लिए 10 और दरभंगा के लिए 6 बसें चलेंगी।
एसी और स्लीपर बसों का भी विकल्प
यात्रियों की सुविधा के लिए वातानुकूलित, गैर-वातानुकूलित, स्लीपर और सामान्य बसों की व्यवस्था की गई है। बसों के प्रकार के अनुसार यात्रियों को किराये में छूट भी दी जा रही है। परिवहन मंत्री ने कहा कि इस पहल से त्योहार के दौरान यात्रा की बढ़ती भीड़ को कम करने और दिल्ली-बिहार के बीच सार्वजनिक परिवहन संपर्क को मजबूत करने में मदद मिलेगी।
10 साल तक लागू रहेगा समझौता
दिल्ली सरकार ने इस परियोजना की घोषणा पहले ही कर दी थी। इसके तहत दोनों राज्यों ने बस सेवा शुरू करने के लिए समझौता ज्ञापन को मंजूरी दी है। समझौते के अनुसार, दिल्ली और बिहार में जारी किए गए टिकटों को एक-दूसरे राज्य में भी मान्यता मिलेगी। यह व्यवस्था 10 वर्षों तक लागू रहेगी।
अधिकारियों के मुताबिक, इस सेवा के तहत केवल बीएस-6 मानक वाली पर्यावरण अनुकूल सीएनजी और इलेक्ट्रिक बसों को ही अनुमति दी जाएगी। सरकार को उम्मीद है कि इससे यात्रियों को सुविधा मिलने के साथ दिल्ली परिवहन निगम (डीटीसी) के राजस्व में भी बढ़ोतरी होगी।
इससे पहले दिल्ली परिवहन विभाग ने बताया था कि बस सेवा के जरिए दिल्ली को बिहार के पटना, गया, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, पूर्णिया और भागलपुर से जोड़ा जाएगा। अधिकारियों के अनुसार, लंबे रूट पर लग्जरी वोल्वो बसें चलाने की योजना है, क्योंकि फिलहाल इतनी लंबी दूरी के लिए इलेक्ट्रिक बसें व्यावहारिक विकल्प नहीं हैं।