Chhath Puja 2026: लोक आस्था के चार दिवसीय महापर्व छठ की शुरुआत शुक्रवार को नहाय-खाय के साथ हो गई। इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों को छठ महापर्व की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने अपने आधिकारिक X हैंडल पर संदेश साझा करते हुए सभी व्रतियों को नमन किया और कामना की कि छठी मइया का आशीर्वाद सभी को मिले।
PM मोदी ने क्या कहा?
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संदेश में लिखा, “लोक आस्था और सूर्य उपासना के चार दिवसीय पावन अनुष्ठान महापर्व छठ के शुभारंभ पर सभी देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं। आज नहाय-खाय है। सभी व्रतियों को मेरा नमन। सबको छठी मइया का आशीर्वाद मिले, यही कामना है।”
नहाय-खाय से शुरू हुआ चार दिवसीय पर्व
छठ महापर्व की शुरुआत नहाय-खाय से होती है। पहले दिन व्रती स्नान के बाद सात्विक भोजन ग्रहण कर व्रत की शुरुआत करते हैं। इसके बाद शनिवार को खरना होगा। इस दिन व्रती दिनभर उपवास रखने के बाद शाम को खरना का प्रसाद ग्रहण करेंगे। रविवार को व्रती डूबते सूर्य को अर्घ्य देंगे। इसके बाद सोमवार को उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ चार दिवसीय छठ महापर्व का समापन होगा।
बिहार से दिल्ली और यूपी तक घाटों पर तैयारियां
छठ पूजा को लेकर बिहार के साथ दिल्ली, उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र में भी तैयारियां चल रही हैं। नदियों और जलाशयों के किनारे छठ घाट तैयार किए जा रहे हैं। घाटों की साफ-सफाई और रंगाई-पुताई का काम किया जा रहा है। वहीं, बाजारों में भी पूजा से जुड़ी सामग्री की खरीदारी के लिए लोगों की भीड़ जुट रही है।
रेलवे स्टेशनों पर बढ़ी यात्रियों की भीड़
छठ महापर्व मनाने के लिए बड़ी संख्या में लोग अपने घरों की ओर रवाना हो रहे हैं। इसके चलते रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों की भारी भीड़ देखी जा रही है। छठ घाटों की तैयारियों के साथ बाजारों में भी रौनक बढ़ गई है। यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए रेलवे की ओर से स्टेशनों पर जरूरी इंतजाम किए जा रहे हैं।