दिल्ली में फिर बढ़ा प्रदूषण, AQI 342 पर पहुंचा; वाहनों से सबसे ज्यादा प्रदूषित हुई हवा

Delhi Air Pollution: दिल्ली में वायु प्रदूषण का स्तर एक बार फिर बढ़ने लगा है। बृहस्पतिवार को राजधानी का वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) बढ़कर 342 दर्ज किया गया, जो बहुत खराब श्रेणी में आता है। प्रदूषण के स्रोतों को लेकर जारी पूर्वानुमान में परिवहन क्षेत्र की हिस्सेदारी सबसे अधिक रहने की आशंका जताई गई है। वहीं, घरेलू स्तर पर ठोस जैव ईंधन जलाने और एरोसोल भी प्रदूषण के प्रमुख कारण बने हुए हैं।

दिल्ली की निर्णय समर्थन प्रणाली (DSS) के संशोधित पूर्वानुमान के मुताबिक, आने वाले दिनों में परिवहन क्षेत्र से होने वाले प्रदूषण का योगदान बढ़ सकता है। बृहस्पतिवार को इसकी हिस्सेदारी करीब 16 प्रतिशत रहने का अनुमान है, जबकि पराली जलाने से होने वाले प्रदूषण का योगदान 8.9 प्रतिशत रह सकता है।

शनिवार को 20.5 प्रतिशत तक पहुंच सकता है वाहनों का योगदान

पूर्वानुमान के अनुसार, शुक्रवार को प्रदूषण में परिवहन क्षेत्र की हिस्सेदारी बढ़कर 18.5 प्रतिशत हो सकती है। इस दिन पराली जलाने का योगदान घटकर 5.3 प्रतिशत रहने की संभावना है। वहीं, शनिवार को वाहनों से होने वाले उत्सर्जन की हिस्सेदारी बढ़कर 20.5 प्रतिशत तक पहुंच सकती है। इस दिन पराली जलाने से प्रदूषण का योगदान 13.29 प्रतिशत रहने का अनुमान है।ये आंकड़े बुधवार को जारी पूर्वानुमान से अलग हैं। पहले बृहस्पतिवार को पराली जलाने से होने वाले प्रदूषण की हिस्सेदारी करीब 20 प्रतिशत रहने की आशंका जताई गई थी।

जैव ईंधन और एरोसोल का भी बड़ा योगदान

भारतीय उष्णकटिबंधीय मौसम विज्ञान संस्थान (IITM) के स्रोत आधारित अनुमानों के मुताबिक, बुधवार को दिल्ली के प्रदूषण में द्वितीयक कार्बनिक एरोसोल की हिस्सेदारी सबसे अधिक 22.7 प्रतिशत रही। इसके बाद घरेलू स्तर पर ठोस जैव ईंधन जलाने से होने वाले प्रदूषण की हिस्सेदारी 22.3 प्रतिशत दर्ज की गई।

वहीं, वाहनों से निकलने वाले उत्सर्जन का योगदान 19.3 प्रतिशत और द्वितीयक अकार्बनिक एरोसोल का योगदान 11.9 प्रतिशत रहा। विशेषज्ञों के अनुसार, द्वितीयक कार्बनिक एरोसोल कई स्रोतों से बनते हैं। इनमें उद्योगों, डीजल और पेट्रोल वाहनों के उत्सर्जन के साथ बायोमास जलाने से निकलने वाले प्रदूषक भी शामिल हैं।

दिवाली के बाद पटाखों का असर हुआ कम

दिवाली के बाद सोमवार और मंगलवार को पटाखे दिल्ली के प्रदूषण का सबसे बड़ा स्रोत बनकर सामने आए थे। हालांकि, बुधवार तक इनका योगदान काफी कम हो गया। सोमवार को प्रदूषण में पटाखों की हिस्सेदारी 71.1 प्रतिशत थी, जो मंगलवार को घटकर 29.8 प्रतिशत और बुधवार को केवल 7.4 प्रतिशत रह गई।

AQI 313 से बढ़कर 342 हुआ

दिल्ली में बुधवार को 24 घंटे का औसत AQI 313 दर्ज किया गया था। बृहस्पतिवार दोपहर 3 बजे तक यह बढ़कर 342 हो गया। इससे पहले मंगलवार को प्रदूषण के स्तर में कुछ सुधार देखने को मिला था और शाम 4 बजे AQI 299 दर्ज किया गया था। वायु गुणवत्ता सूचकांक के पैमाने पर 201 से 300 तक का स्तर खराब और 301 से 400 तक का स्तर बहुत खराब श्रेणी में माना जाता है। ऐसे में दिल्ली की हवा एक बार फिर बहुत खराब श्रेणी में पहुंच गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *