जालंधर में AAP गरजे CM नायब सैनी – बोले, झाड़ू ने सफाई नहीं पंजाब का खजाना साफ कर दिया

Nayab Singh Saini, CM

जालंधर: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पंजाब के जालंधर में जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने अपने संबोधन की शुरुआत जालंधर की धरती को नमन करते हुए की। मुख्यमंत्री ने कहा, “गुरु, पीरों और शहीदों की इस पवित्र धरती जालंधर को सर झुका कर करता हूं प्रणाम। इतनी भारी संख्या में जालंधर के कोने-कोने से आए आप सबका हार्दिक स्वागत और अभिनंदन। जालंधर इतिहास और सभ्याचार का मान, मेहनत और हुनर का शहर है।”

हरियाणा ने भरी उड़ान, हीरक जयंती का जिक्र

हरियाणा के विकास पर बोलते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि गत 1 नवंबर को हरियाणा ने अपनी हीरक जयंती मनाई। वर्ष 1966 में जब हरियाणा बना तब बहुत लोग कहते थे कि हरियाणा अलग होकर नहीं चल सकेगा।

“हरियाणा सिर्फ चल नहीं रहा, दौड़ रहा है और अब तो उसने उड़ान भर ली है। पिछले 12 सालों में डबल इंजन सरकार ने जो रफ्तार पकड़ी उसने हरियाणा को विकास के लगभग हर पैमाने पर देश की अगली कतार में खड़ा किया।”

पंजाब में बदलाव के नारे पर निशाना

पंजाब की राजनीति पर मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब में वर्ष 2022 में बदलाव का नारा दिया गया था। लेकिन बदले तो सिर्फ चौकों पर लगे हुए होर्डिंग, आज पंजाब का हर वर्ग दुखी है। आम आदमी पार्टी की सरकार ने पंजाब को काम से अधिक प्रचार और परिणाम से अधिक विज्ञापन दिए हैं।

उन्होंने तंज कसते हुए कहा, “झाड़ू ने सफाई तो नहीं की लेकिन पंजाब का खजाना जरूर साफ कर दिया।”

कानून व्यवस्था और नशा बना सबसे बड़ा मुद्दा

मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब की सबसे बड़ी त्रासदी बिगड़ती कानून व्यवस्था और बढ़ता अपराध है। पंजाब के व्यापारी, उद्योगपति और आम नागरिक आज डर के साए में जीने को मजबूर हैं।

उन्होंने कहा, “पंजाब में सबसे गंभीर सवाल नशे का है। आज पंजाब का प्रत्येक परिवार नशे को लेकर चिंतित है।”

हरियाणा के 70 संकल्प पूरे, 2 लाख नौकरियों का दावा

अपनी सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि हरियाणा में 270 संकल्पों में से 70 संकल्प हमारी सरकार ने 2 साल में पूरे किए हैं। हरियाणा में पिछले लगभग 12 वर्षों में 2 लाख से अधिक सरकारी नौकरियां दी गई हैं। यह अंतर सही नीति, साफ नियत और जवाबदेह नेतृत्व का अंतर है।

पंजाब को चाहिए जवाबदेह नेतृत्व

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज पंजाब को ऐसा नेतृत्व चाहिए जो जनता की बात सुने, समय पर निर्णय ले और अपने काम का हिसाब दे। आम आदमी पार्टी की सरकार बताएं उसके वादों का जमीन पर कितना असर हुआ।

समृद्ध और सुरक्षित पंजाब का संकल्प

अंत में मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब की आकांक्षाओं को राष्ट्रीय विकास की गति से जोड़ना हमारी प्राथमिकता है। भाजपा सत्ता के लिए नहीं, पंजाब की सेवा और समृद्धि के लिए आगे बढ़ रही है।

उन्होंने कहा कि पंजाब को फिर से भारत का सबसे समृद्ध, सुरक्षित और मुस्कुराता हुआ राज्य बनाने का संकल्प लें, जहां किसानों, नौजवानों, व्यापारियों और माताओं-बहनों को सिर्फ वादे नहीं, सुरक्षा, सत्कार, बराबर के मौके और आत्मनिर्भरता मिले। आपका सहयोग, मार्गदर्शन और आशीर्वाद पंजाब में एक ऐतिहासिक परिवर्तन की नींव रखेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *