Israel US Iran War: इजरायल-अमेरिका और ईरान के बीच युद्ध 36 घंटे से अधिक समय से जारी है। ईरान ने इस दौरान इजरायल की राजधानी तेल अवीव और मिडिल-ईस्ट में फैले अमेरिकी सैन्य बेसों को लगातार निशाना बनाया है। सोमवार को ईरान ने इजरायल पर खैबर बैलिस्टिक मिसाइल से हमला किया, जो देश की सबसे घातक मिसाइलों में से एक मानी जाती है। शारजाह के औद्योगिक क्षेत्र में हमले के बाद धुएं का गुबार उठता देखा गया।
मिडिल-ईस्ट में तनाव
ईरान के सुप्रीम लीडर Ali Khamenei की हत्या के बाद पूरे क्षेत्र में युद्ध की आग फैल चुकी है। ईरान ने दावा किया है कि बीते 24 घंटे में उसने 15 से अधिक देशों में अमेरिकी सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया। जबकि अमेरिका और इजरायल चाहते हैं कि युद्ध रोका जाए, ईरान ने स्पष्ट कर दिया है कि वह इस मामले में अमेरिका से कोई बातचीत नहीं करेगा। ईरान ने सऊदी अरब की अरामको रिफाइनरी पर भी हमला किया है, जिससे वैश्विक तेल आपूर्ति पर दबाव बढ़ गया है।
ट्रम्प ने ईरान को दी चेतावनी
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने ईरान के सैन्य अधिकारियों को हथियार डालने का स्पष्ट संदेश दिया। उन्होंने कहा कि अमेरिकी अभियान तब तक जारी रहेगा जब तक उसके सभी लक्ष्य हासिल नहीं हो जाते। ट्रंप ने चेतावनी दी कि जो ईरानी सैन्य कर्मी हथियार नहीं डालेंगे, उन्हें “निश्चित मौत” का सामना करना पड़ेगा।
अहमदीनेजाद के जिंदा होने का दावा
चीन के अखबार ग्लोबल टाइम्स ने दावा किया है कि ईरान के पूर्व राष्ट्रपति महमूद अहमदीनेज़ाद अमेरिकी और इजरायली हमलों में मारे नहीं गए हैं और सुरक्षित हैं। अखबार ने उनके एक करीबी सहयोगी के हवाले बताया कि अहमदीनेजाद से संपर्क में हैं और उनकी स्थिति ठीक है।