Delhi Lakhpati Bitiya Scheme: (नई दिल्ली): दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मंगलवार को कहा कि उनकी सरकार अप्रैल से वर्ष 2008 में शुरू की गई दिल्ली लाडली योजना के स्थान पर ‘दिल्ली लखपति बिटिया योजना’ शुरू करेगी। इसके साथ ही पुरानी लाडली योजना को बंद कर दिया जाएगा।
लाडली योजना का उन्नत संस्करण
मुख्यमंत्री ने बताया कि नई योजना महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा संचालित की जाएगी और यह मौजूदा लाडली योजना का उन्नत रूप होगी। उन्होंने कहा कि योजना को एक अप्रैल से लागू किया जाएगा और इसके लिए सरकार जल्द ही एक अलग डिजिटल पोर्टल विकसित करेगी।
160 करोड़ रुपये की आएगी लागत
सीएम रेखा गुप्ता ने कहा इस योजना को लागू करने पर सरकार को लगभग 160 करोड़ रुपये की वित्तीय लागत आएगी। योजना के तहत प्रति परिवार अधिकतम दो बेटियों को वित्तीय सहायता दी जाएगी, जिससे उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाया जा सके।
अप्रयुक्त राशि का वितरण
मुख्यमंत्री ने कहा कि सत्ता में आने के बाद सरकार को पता चला कि लाडली योजना के तहत आवंटित बड़ी राशि बैंकों में अप्रयुक्त पड़ी है। सरकार ने अब तक लगभग 41,000 लाभार्थी लड़कियों की पहचान कर ली है और उन्हें करीब 100 करोड़ रुपये वितरित करने की योजना बनाई गई है।