दिल्ली विश्वविद्यालय के 2 कॉलेजों को बम से उड़ाने की धमकी, ईमेल मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट

Delhi University

नई दिल्ली: दिल्ली विश्वविद्यालय के दो कॉलेजों को बुधवार तड़के ईमेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया। धमकी मिलने के तुरंत बाद पुलिस, बम निरोधक दस्ता और संबंधित सुरक्षा टीमें दोनों परिसरों में जांच के लिए पहुंचीं।

इन कॉलेजों को मिली धमकी

अधिकारियों के अनुसार, धमकी भरे ईमेल उत्तरी दिल्ली के रामजस कॉलेज और दक्षिण दिल्ली के देशबंधु कॉलेज को भेजे गए। उत्तरी जिले के पुलिस उपायुक्त राजा बंथिया ने बताया कि रामजस कॉलेज की प्रिंसिपल को बुधवार रात 1:59 बजे एक संदिग्ध ईमेल प्राप्त हुआ, जिसमें कॉलेज को बम से उड़ाने की बात कही गई थी।

डीसीपी ने सूचना मिलते ही भेजी टीम

डीसीपी बंथिया ने बताया, “सूचना मिलते ही दिल्ली पुलिस की टीम और बम निरोधक दस्ता (BDS) मौके पर पहुंचा। परिसर की घेराबंदी की गई और सभी भवनों तथा खुले क्षेत्रों की गहन तलाशी शुरू की गई।” उन्होंने कहा कि जांच के दौरान अब तक कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है और तलाशी अभियान जारी है।

बढ़ाई गई सुरक्षा

दिल्ली पुलिस सूत्रों के अनुसार, देशबंधु कॉलेज में भी इसी तरह का ईमेल प्राप्त होने के बाद तत्काल सुरक्षा बढ़ा दी गई। संबंधित टीमें पूरे परिसर की जांच में जुटी हैं और ईमेल आईडी तथा भेजने वाले की पहचान के लिए साइबर सेल भी सक्रिय हो गई है। पुलिस का कहना है कि फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन दोनों कॉलेजों में एहतियात के तौर पर अतिरिक्त सुरक्षा तैनात कर दी गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच कई एजेंसियों के साथ मिलकर आगे बढ़ाई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *