मेरठ में CM योगी का बड़ा बयान, बोले- मोदी सरकार ने आतंकियों की हेकड़ी निकाल दी

Yogi Adityanath,

मेरठ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को मेरठ में आयोजित पूर्व सैनिक पुनर्मिलन समारोह को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने आतंकवाद के खिलाफ कड़ा रुख अपनाया है। पहले आतंकी हमला होने पर सरकारें केवल डोजियर भेजकर अपनी जिम्मेदारी पूरी कर लेती थीं, लेकिन आज आतंकी हमला करने वालों की हेकड़ी निकाल दी गई है। नया भारत अपने सैनिकों के सम्मान और सामर्थ्य को सर्वोच्च प्राथमिकता देता है।

मुख्यमंत्री ने उत्तर प्रदेश के 5.19 लाख पूर्व सैनिकों और उनके परिजनों के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि पिछली सरकारों ने दशकों तक वन रैंक-वन पेंशन की मांग को लटकाए रखा। सैनिकों और शहीद परिवारों का सम्मान उनकी प्राथमिकताओं में नहीं था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आज देश में सैनिकों के सम्मान और उनकी जरूरतों को प्राथमिकता दी जा रही है।

सैनिक कभी सेवानिवृत्त नहीं होता

सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि किसी भी देश या समाज की प्रगति के लिए सुरक्षित माहौल जरूरी है। सुरक्षा का वातावरण नहीं होगा तो विकास की रफ्तार भी प्रभावित होगी। सियाचिन की ठंड हो या राजस्थान की गर्म रेत, भारतीय सैनिक हर मोर्चे पर देश की रक्षा के लिए खड़ा रहता है। उन्होंने कहा कि सैनिक कभी सेवानिवृत्त नहीं होता, केवल उसकी वर्दी बदलती है। सेना से सेवानिवृत्त होने के बाद भी वह गांव और समाज का मार्गदर्शक बनकर लोगों को प्रेरित करता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश वीरों की भूमि है। यहां करीब 20 लाख लोगों का सैनिक परिवार रहता है। देश में हर साल लगभग 60 हजार सैनिक सेवानिवृत्त होते हैं, जिनमें करीब 12 हजार उत्तर प्रदेश के होते हैं। इस धरती ने जगन्नाथ सिंह, वीर अब्दुल हमीद, कैप्टन मनोज पांडेय और योगेंद्र सिंह यादव जैसे वीर सैनिक दिए हैं। गाजीपुर का गहमर गांव भी बड़ी संख्या में जवान देने के लिए जाना जाता है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में ऐसे कई परिवार हैं, जिनमें पहले दादा, फिर पिता और उसके बाद बेटे-बेटियों ने भी सेना में शामिल होकर देश की सेवा की है। उन्होंने मां भारती के वीर सपूतों के बलिदान और समर्पण को नमन किया।

मेरठ में विकास और बदली पहचान का किया जिक्र

मुख्यमंत्री ने मेरठ के पुराने हालात का जिक्र करते हुए कहा कि एक समय इस शहर की पहचान अवैध वाहन कटान और माफियावाद से होने लगी थी। गन्ना किसान भुगतान के लिए परेशान रहते थे और विरोध करने पर उन पर पुलिस की लाठियां बरसाई जाती थीं। मिलों पर ताले लगे थे, खाद के लिए लंबी कतारें लगती थीं और ट्यूबवेल से चोरी की घटनाएं होती थीं। किसान अपने खेतों में जाने से भी डरते थे।

उन्होंने कहा कि आज मेरठ अपनी पुरानी पहचान के साथ ‘एक जनपद, एक उत्पाद’ योजना के जरिए नई पहचान बना रहा है। गन्ना किसानों को रिकॉर्ड भुगतान हुआ है और कनेक्टिविटी में बड़ा बदलाव आया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नमो भारत और आरआरटीएस कॉरिडोर का उद्घाटन किया है। दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे से भी लोगों का आवागमन आसान हुआ है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद ने ओलंपिक में स्वर्ण पदक दिलाकर देश का तिरंगा लहराया था। आज उनके नाम पर मेरठ में स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी आकार ले रही है।

पुसैनिकों के सम्मान को लेकर पिछली सरकारों पर उठाए सवाल

सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि मेरठ में वर्ष 2016 में कारगिल युद्ध के एक पूर्व सैनिक के साथ अपमानजनक घटना हुई थी। एक राजनीतिक दल के समर्थकों ने उन्हें सलाम करने से मना करने पर पीटा था। उन्होंने वर्ष 2013 में एलओसी पर शहीद हुए एक सैनिक के सम्मान में प्रशासनिक व्यवस्थाओं की कमी का भी जिक्र किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि उस समय अपराध की घटनाएं चरम पर थीं। मेरठ में एक लड़की से छेड़छाड़ का विरोध करने पर उसकी हत्या कर दी गई थी।

उन्होंने आरोप लगाया कि तत्कालीन सरकारों के मन में सैनिकों के प्रति सम्मान नहीं था। देश की सुरक्षा से जुड़े मामलों में समझौते किए जाते थे और सैनिकों की वीरता पर सवाल उठाए जाते थे। आतंकी हमला होने पर केवल डोजियर भेजकर कार्रवाई की औपचारिकता पूरी कर ली जाती थी। इसके उलट आज प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में आतंकियों को कड़ा जवाब दिया जा रहा है।

रक्षा बजट बढ़ा, लखनऊ में बन रही ब्रह्मोस मिसाइल

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2022 में आजादी के अमृत महोत्सव के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने देश के सामने अगले 25 वर्षों में भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का लक्ष्य रखा था। आज रक्षा बजट में बढ़ोतरी हुई है और चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ की व्यवस्था की गई है। समाज में सैनिकों का सम्मान बढ़ा है। प्रधानमंत्री मोदी सुरक्षाबलों के बीच दीपावली मनाते हैं। नक्सलवाद, आतंकवाद और माओवाद को समाप्त करने की दिशा में भी काम हुआ है। उन्होंने बताया कि देश का रक्षा निर्यात 55 गुना बढ़ा है।

योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश रक्षा उत्पादन के क्षेत्र में आत्मनिर्भरता का नया केंद्र बन रहा है। लखनऊ में ब्रह्मोस मिसाइल का निर्माण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इसी ब्रह्मोस मिसाइल ने पाकिस्तान के छक्के छुड़ाए हैं। मुख्यमंत्री ने अनुच्छेद 370 हटाने का जिक्र करते हुए कहा कि इससे ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ के संकल्प को मजबूती मिली है।

शहीद परिवारों को अब 50 लाख रुपये की सहायता

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्दीधारियों का सम्मान करना डबल इंजन सरकार का संकल्प है। शहीदों के परिवारों को दी जाने वाली सहायता राशि 20 लाख रुपये से बढ़ाकर 50 लाख रुपये कर दी गई है। वर्ष 2018 से शहीदों के आश्रितों को सरकारी नौकरी देने की व्यवस्था लागू की गई है। इसके अलावा वीरगति प्राप्त सैनिकों के नाम पर स्मारक और स्मृति द्वार बनाए गए हैं।

उन्होंने कहा कि सैनिकों ने हमेशा अपने प्राणों से ऊपर राष्ट्र को रखा है। सरकार उनके सम्मान और उनके परिवारों की देखभाल के लिए प्रतिबद्ध है। इससे पहले अयोध्या में आयोजित एक कार्यक्रम में भी मुख्यमंत्री ने कहा था कि एक समय अयोध्या में जय श्रीराम बोलने पर रोक थी और रामभक्तों पर गोलियां चलाई गई थीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *