पंजाब: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा है कि पंजाब में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनने पर हरियाणा की तर्ज पर युवाओं को बिना पर्ची और बिना खर्ची के सरकारी नौकरियां दी जाएंगी। उन्होंने कहा कि पंजाब में नशे का कारोबार करने वालों को यह काम छोड़ना होगा या प्रदेश छोड़ना होगा। पंजाब और हरियाणा में नशे के सौदागरों के लिए कोई जगह नहीं रहने दी जाएगी। मुख्यमंत्री ने दावा किया कि पंजाब के लोगों ने इस बार आम आदमी पार्टी की सरकार के बजाय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकास करने वाली सरकार चुनने का मन बना लिया है।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शुक्रवार को पंजाब के जालंधर में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए आम आदमी पार्टी की सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि पिछले विधानसभा चुनाव में पार्टी ने छह महीने के भीतर पंजाब से नशा खत्म करने का वादा किया था, लेकिन इसके उलट प्रदेश में नशे का कारोबार बढ़ता गया। इसकी वजह से युवा पीढ़ी नशे की दलदल में फंसती चली गई। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार के पास नशे को खत्म करने के लिए न तो कोई ठोस नीति है और न ही इच्छाशक्ति।
सीएम सैनी ने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने वर्ष 2029 तक देश से नशे को जड़ से खत्म करने का संकल्प लिया है। इस लक्ष्य को पूरा करने के लिए राष्ट्रीय स्तर पर मजबूत नीति बनाई जा रही है। उन्होंने कहा कि ऐसे बड़े संकल्पों को केवल भाजपा की सरकार ही पूरा कर सकती है, जबकि आम आदमी पार्टी और कांग्रेस झूठे वादे करके वोट हासिल करने का काम करती हैं।
नौकरियों और स्वास्थ्य सुविधाओं पर AAP को घेरा
मुख्यमंत्री ने कहा कि आम आदमी पार्टी ने पंजाब के 25 लाख युवाओं को नौकरी देने का वादा किया था, लेकिन अब मुख्यमंत्री अपने कार्यकाल में 60 हजार नौकरियां देने की बात कह रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि इन भर्तियों में भी प्रभावशाली लोगों के बच्चों को भ्रष्टाचार के जरिए नौकरी मिली, जिससे मेहनती और गरीब युवाओं के सपनों को नुकसान पहुंचा है। उन्होंने कहा कि हरियाणा में भाजपा सरकार ने दो लाख से अधिक योग्य और मेहनती युवाओं को बिना पर्ची और बिना खर्ची के सरकारी नौकरियां दी हैं।
सीएम सैनी ने पंजाब के मुख्यमंत्री से मोहल्ला क्लीनिक को लेकर भी सवाल किए। उन्होंने पूछा कि पंजाब में कितने मोहल्ला क्लीनिक खोले गए, उनमें कितने लोगों का मुफ्त इलाज हुआ और लोगों को कौन-कौन सी सुविधाएं मिल रही हैं।
उन्होंने हरियाणा की स्वास्थ्य योजनाओं का जिक्र करते हुए बताया कि प्रदेश की तीन करोड़ आबादी में से डेढ़ करोड़ लोगों के आयुष्मान कार्ड बनाए गए हैं। इन कार्डों के माध्यम से हर साल पांच लाख रुपये तक के मुफ्त इलाज की सुविधा मिलती है। अब तक 40 लाख लोग इस योजना के तहत मुफ्त इलाज करा चुके हैं, जिस पर केंद्र और राज्य सरकार ने मिलकर 6,000 करोड़ रुपये खर्च किए हैं।
महिलाओं को आर्थिक सहायता देने का भी किया जिक्र
मुख्यमंत्री सैनी ने कहा कि हरियाणा में विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा ने महिलाओं को हर महीने 2,100 रुपये की आर्थिक सहायता देने का वादा किया था। सरकार बनने के बाद इस वादे को दीनदयाल लाडो लक्ष्मी योजना के जरिए पूरा किया गया। उन्होंने बताया कि योजना के लिए सरकार ने पहले बजट में 5,000 करोड़ रुपये और दूसरे बजट में 6,500 करोड़ रुपये का प्रावधान किया। अब तक 10 लाख से अधिक महिलाओं को 2,500 करोड़ रुपये की सहायता दी जा चुकी है।
उन्होंने पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार पर आरोप लगाया कि उसने पांच साल पहले महिलाओं को हर महीने 1,000 रुपये देने का वादा किया था, लेकिन चुनाव नजदीक आने पर इसे लागू किया गया। सैनी ने कहा कि पंजाब की मौजूदा सरकार चुटकुलों की सरकार बनकर रह गई है। चुटकुलों से सिनेमाघर चल सकते हैं, सरकार नहीं।
कानून व्यवस्था और किसानों के मुद्दे पर भी साधा निशाना
सीएम नायब सैनी ने पंजाब की कानून व्यवस्था को लेकर भी मान सरकार पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार बनने पर प्रदेश में अमन-चैन कायम किया जाएगा। साथ ही हरियाणा की नीतियों को पंजाब में लागू किया जाएगा। उन्होंने बताया कि हरियाणा में किसानों की सभी 24 फसलों की खरीद न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) पर की जाती है। इसके अलावा युवाओं को बिना पर्ची और बिना खर्ची के सरकारी नौकरियां दी जा रही हैं।
मुख्यमंत्री सैनी ने कहा कि कभी विकास के मामले में देश में आगे रहने वाला पंजाब आज गलत नीतियों के कारण पिछड़ गया है। उन्होंने हरियाणा में गरीब परिवारों को 500 रुपये में गैस सिलेंडर देने की योजना का भी जिक्र किया। उनके मुताबिक, पिछले 12 वर्षों में 1.60 लाख परिवारों को रहने के लिए मकान दिए गए हैं। जिन परिवारों के पास घर बनाने के लिए जमीन नहीं थी, उन्हें ग्रामीण क्षेत्रों में 100 गज और शहरी क्षेत्रों में 30 गज के प्लॉट दिए गए हैं।
अंत में मुख्यमंत्री ने पंजाब के लोगों से आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा को समर्थन देने की अपील की। उन्होंने कहा कि जनता को यह तय करना है कि प्रदेश को गुमराह करने वालों को वोट की चोट से जवाब देना है या विकास के रास्ते पर आगे बढ़ाना है। सैनी ने लोगों से पंजाब में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली डबल इंजन सरकार बनाने का आह्वान किया।