CM नायब सैनी ने जारी की लाडो लक्ष्मी योजना की दूसरी किस्त, किया ये बड़ा बदलाव

नायब सिंह सैनी, हरियाणा के सीएम

Lado Lakshmi Yojana: (चंडीगढ़): हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बुधवार को घोषणा की कि दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना की वित्तीय सहायता अब तिमाही किस्तों में प्रदान की जाएगी। पहले इस योजना के तहत हर महिला को 2,100 रुपये मासिक दिए जाते थे।मुख्यमंत्री सैनी ने योजना की दूसरी किस्त जारी करते हुए कहा कि सरकार ने राशि को हर तीन महीने में एक बार समेकित रूप से अंतरित करने का निर्णय लिया है। पहली किस्त एक नवंबर को लाभार्थियों के खाते में भेजी गई थी। उन्होंने कहा कि यह योजना सिर्फ आर्थिक सहयोग नहीं, बल्कि महिलाओं के सामाजिक और आर्थिक सशक्तीकरण का बड़ा कदम है।

ऑनलाइन पंजीकरण व कठोर सत्यापन प्रक्रिया

योजना शुरू करते समय सरकार ने एक मोबाइल ऐप भी लॉन्च किया था, जिसके जरिए महिलाएं ऑनलाइन आवेदन कर सकती हैं। सीएम सैनी ने बताया कि आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी है और सत्यापन के दौरान 25,000 से अधिक आवेदक अयोग्य पाए गए। कुछ मामलों में पुरुषों ने महिलाओं की फोटो लगाकर आवेदन करने का प्रयास किया, जबकि हरियाणा से बाहर के व्यक्तियों ने भी फर्जी आवेदन किए, जिन्हें जांच में खारिज कर दिया गया।

लाभार्थियों की संख्या सात लाख पार

मुख्यमंत्री ने बताया कि 30 नवंबर तक सात लाख से अधिक महिलाओं को लगभग 148 करोड़ रुपये दिए जा चुके हैं।
उन्होंने कहा कि “प्रतिदिन 3,000 से 4,000 महिलाएं योजना में पंजीकरण करा रही हैं।”

विपक्ष पर बोला का हमला

मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार अपने वादों को पूरा करती है, जबकि आप और कांग्रेस केवल घोषणाएं करती हैं।
उन्होंने आप पर निशाना साधते हुए कहा कि पंजाब की महिलाओं को 1,000 रुपये देने का वादा अब तक पूरा नहीं हुआ है।
सैनी ने कहा, “विपक्ष शोर ज्यादा मचाता है और काम कम करता है, जबकि भाजपा सरकार कम बोलती है और काम ज्यादा करती है।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *