Hanuman Ansh: नीम करोली बाबा के जीवन और आध्यात्मिक विचारों पर आधारित फिल्म ‘हनुमान अंश’ बॉक्स ऑफिस पर लगातार मजबूत प्रदर्शन कर रही है। सिनेमाघरों में रिलीज के 33 दिन पूरे होने के बाद फिल्म का भारत में ग्रॉस कलेक्शन 169.20 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। फिल्म अब 170 करोड़ रुपये के आंकड़े से कुछ ही दूर है। खास बात यह है कि बिना किसी बड़े व्यावसायिक शोर के फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर लंबा सफर तय किया है।
फिल्म की सफलता के बीच इसकी टीम ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात भी की। निर्देशक विशाल चतुर्वेदी, निर्माता और फिल्म से जुड़े कलाकार लखनऊ स्थित मुख्यमंत्री के आधिकारिक आवास पहुंचे। इस दौरान टीम ने फिल्म के निर्माण, कहानी और उससे जुड़े आध्यात्मिक पहलुओं को लेकर मुख्यमंत्री से बातचीत की।
सीएम योगी से हुई नाथ परंपरा पर चर्चा
मुख्यमंत्री से मुलाकात के दौरान बातचीत का एक प्रमुख विषय नीम करोली बाबा का आध्यात्मिक जीवन और नाथ परंपरा रहा। फिल्म में बाबा की आध्यात्मिक यात्रा को नाथ संप्रदाय से जुड़े संतों और परंपराओं के संदर्भ में प्रस्तुत किया गया है।
निर्देशक विशाल चतुर्वेदी ने मुख्यमंत्री को फिल्म के कुछ महत्वपूर्ण प्रसंगों के बारे में जानकारी दी। इनमें गोरखनाथ और नाथ संप्रदाय की परंपरा से जुड़े संदर्भ भी शामिल हैं। निर्देशक ने बाबा के शुरुआती आध्यात्मिक जीवन से जुड़े पहलुओं पर भी चर्चा की और बताया कि उनके अनुसार नीम करोली बाबा ने जीवन के शुरुआती दौर में नाथ परंपरा से जुड़े संतों का सान्निध्य प्राप्त किया था।
क्या है नाथ संप्रदाय?
नाथ संप्रदाय हिंदू आध्यात्मिक परंपरा की एक महत्वपूर्ण धारा है। इसका संबंध भगवान शिव से जोड़ा जाता है। इस परंपरा में योग, ध्यान, साधना और वैराग्य को विशेष महत्व दिया जाता है। ‘हनुमान अंश’ में नीम करोली बाबा की आध्यात्मिक यात्रा को इसी परंपरा से जुड़े संतों के साथ उनके संबंधों के संदर्भ में दिखाने का प्रयास किया गया है। निर्देशक के मुताबिक, संतों के संपर्क और साधना ने बाबा की आध्यात्मिक यात्रा को प्रभावित किया और फिल्म में इसी पक्ष को प्रमुखता दी गई है।
नीम करोली बाबा के जीवन पर आधारित है फिल्म
विशाल चतुर्वेदी के निर्देशन और लेखन में बनी ‘हनुमान अंश’ एक आध्यात्मिक ड्रामा है, जो नीम करोली बाबा यानी महाराज-जी के जीवन और शिक्षाओं पर केंद्रित है। फिल्म में उनकी हनुमान भक्ति, आध्यात्मिक जीवन और प्रेम एवं सेवा के संदेश को कहानी का अहम हिस्सा बनाया गया है। फिल्म का उद्देश्य नीम करोली बाबा के जीवन से जुड़े आध्यात्मिक पक्ष और उनके विचारों को दर्शकों तक पहुंचाना है। रिलीज के 33 दिन बाद भी सिनेमाघरों में फिल्म का प्रदर्शन जारी रहना इसकी खास उपलब्धि माना जा रहा है।
170 करोड़ के आंकड़े पर नजर
भारत में 169.20 करोड़ रुपये का ग्रॉस कलेक्शन करने के बाद अब फिल्म 170 करोड़ के आंकड़े से बेहद करीब है। शुरुआती उम्मीदों से आगे निकलकर फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर लंबा रन बनाया है। अब दर्शकों और फिल्म की टीम की नजर इस बात पर है कि ‘हनुमान अंश’ 170 करोड़ रुपये का आंकड़ा कब पार करती है।