दिल्ली में प्रदूषण से थोड़ी राहत, फिर भी कई इलाकों में AQI 400 पार; जानें आज की हवा का हाल

Delhi Air Pollution: दिवाली के बाद दिल्ली में बढ़े प्रदूषण के स्तर में मंगलवार को थोड़ी गिरावट दर्ज की गई है। सोमवार को राजधानी के कई इलाकों में घना स्मॉग छाया रहा था, लेकिन मंगलवार को हवा की रफ्तार बढ़ने से प्रदूषण के स्तर में कुछ कमी आई। हालांकि, इसके बावजूद दिल्ली के कई इलाकों में वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 400 के पार बना हुआ है। ऐसे में लोगों को अभी भी जहरीली हवा से राहत नहीं मिली है।

दिल्ली में सर्दियों की शुरुआत के साथ हर साल प्रदूषण की समस्या बढ़ जाती है। पड़ोसी राज्यों में पराली जलाने और पटाखों से होने वाले प्रदूषण के कारण हवा की गुणवत्ता प्रभावित होती है। इससे निपटने के लिए सरकार की ओर से कई इलाकों में पानी का छिड़काव किया जा रहा है। निर्माण कार्यों पर भी पाबंदियां लगाई गई हैं, लेकिन इसके बावजूद राजधानी की हवा खराब बनी हुई है।

कई इलाकों में AQI 400 के पार

वेबसाइट AQI.in के मुताबिक नई दिल्ली का AQI 414 दर्ज किया गया। द्वारका में वायु गुणवत्ता सूचकांक 444 और मयूर विहार स्टेशन-4 पर 388 रहा। इस तरह कुछ इलाकों में हवा की गुणवत्ता गंभीर श्रेणी में बनी हुई है। वहीं, केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के आंकड़ों के मुताबिक मंगलवार को सुबह 7 बजे दिल्ली का औसत AQI 307 दर्ज किया गया था। सोमवार के 376 के मुकाबले इसमें सुधार हुआ।

सोमवार को छाई थी घनी धुंध

दिवाली के अगले दिन सोमवार को दिल्ली में प्रदूषण का स्तर काफी बढ़ गया था। कई इलाकों में घनी धुंध देखने को मिली। स्विस वायु गुणवत्ता निगरानी मंच IQAir के मुताबिक, दिल्ली में PM2.5 का स्तर 170 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर दर्ज किया गया था, जो विश्व स्वास्थ्य संगठन की तय सीमा से करीब 34 गुना अधिक था।

प्रदूषण का असर लोगों की सेहत पर भी देखने को मिला। कई लोगों को सिरदर्द, सूखी खांसी और आंखों व गले में जलन जैसी परेशानियां हुईं। डॉक्टरों ने प्रदूषण से बचने के लिए N95 मास्क पहनने और निजी वाहनों के बजाय सार्वजनिक परिवहन का इस्तेमाल करने की सलाह दी।

दिवाली की रात भी खराब रही हवा

दिवाली की रात दिल्ली के 59 प्रदूषण निगरानी केंद्रों में से 20 पर हवा की गुणवत्ता गंभीर, 33 पर बहुत खराब और 6 केंद्रों पर खराब श्रेणी में दर्ज की गई। नियमों के बावजूद कई इलाकों में जमकर पटाखे जलाए गए, जिससे प्रदूषण की समस्या और बढ़ गई। फिलहाल हवा की रफ्तार बढ़ने से प्रदूषण के स्तर में कुछ सुधार जरूर हुआ है, लेकिन राजधानी के कई इलाकों में हवा अब भी बेहद खराब स्थिति में बनी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *