योगी आदित्यनाथ ने गोवर्धन पूजा पर कहा-गो संरक्षण से ही आएगी सुख-समृद्धि

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोवर्धन पूजा के पावन अवसर पर प्रदेशवासियों और गोपालकों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि जिस परंपरा में गाय एवं गोवंश के संरक्षण और संवर्धन के लिए ईमानदारीपूर्वक प्रयास होंगे, वहां सुख और समृद्धि अपने आप ही आएगी।

मुख्यमंत्री ने एक कार्यक्रम में कहा कि दीपावली के उपरांत मनाई जाने वाली गोवर्धन पूजा भारत की कृषि और ऋषि प्रधान परंपरा का अभिन्न अंग है। गाय भारत की आत्मा है और वह समृद्धि का खजाना है। धर्म, अर्थ, काम और मोक्ष—चारों पुरुषार्थों की सिद्धि में गौ और गोवंश का महत्वपूर्ण योगदान है।

7700 से अधिक गोशालाओं में 16 लाख गोवंश

योगी आदित्यनाथ ने बताया कि राज्य सरकार ने निराश्रित गोवंश के संरक्षण के लिए 7700 से अधिक गोशालाओं के माध्यम से अभिनव कार्यक्रम शुरू किया है। इनमें वर्तमान में १६ लाख से अधिक निराश्रित गोवंश की देखभाल हो रही है। सरकार तीन प्रकार की योजनाएं चला रही है। पहली—सरकार द्वारा संचालित निराश्रित गोआश्रय स्थल। दूसरी—सहभागिता योजना, जिसके तहत कोई भी किसान गोआश्रय स्थल से गाय लेकर देखभाल करे तो प्रति गाय मासिक 1500 रुपये दिए जाते हैं। एक किसान अधिकतम चार गाय रख सकता है, जिससे उसे 6000 रुपये तक अतिरिक्त आय हो सकती है। तीसरी योजना में कोपोषित परिवारों को व्याही हुई गाय दी जाती है और प्रति गाय 1500 रुपये मासिक सहायता भी मिलती है।

पारंपरिक मूल्यों का निर्वाह जरूरी

मुख्यमंत्री ने सभी प्रदेशवासियों से अपील की कि भारतीय परंपरा में पहला ग्रास गाय का और अंतिम श्वान का होता है। हर परिवार को गाय और कुत्तों के हिस्से का भोजन उपलब्ध कराने की व्यवस्था करनी चाहिए। जो लोग गोशालाएं चला रहे हैं, उनका सहयोग करें। उन्होंने कहा कि गाय की रक्षा, नस्ल सुधार और पशुपालकों को समृद्धि के पथ पर अग्रसर करना हमारी जिम्मेदारी है।

योगी आदित्यनाथ ने गोवर्धन पूजा के अवसर पर सभी प्रदेशवासियों को इस पावन पर्व की हार्दिक बधाई दी और मंगलकामनाएं व्यक्त कीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *