दिल्ली में यमुना पर दौड़ा क्रूज, नमो रिवर सफारी शुरू; 500 रुपये में 40 मिनट का होगा सफर

Namo Yamuna River Safari: दिल्ली में अब यमुना नदी में भी क्रूज की सवारी की जा सकेगी। मंगलवार को केंद्रीय जहाजरानी मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने नमो यमुना रिवर सफारी सेवा का उद्घाटन किया। इस मौके पर दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता भी मौजूद रहीं। इस सेवा के शुरू होने से दिल्लीवासियों और पर्यटकों को यमुना में नौका विहार का नया विकल्प मिलेगा।

नमो यमुना रिवर सफारी के तहत सोनिया विहार से जगतपुर तक क्रूज चलाया जाएगा। करीब 5 किलोमीटर की इस यात्रा को पूरा करने में 40 मिनट लगेंगे। एक क्रूज में एक बार में अधिकतम 30 यात्री सफर कर सकेंगे। इसके लिए प्रति व्यक्ति टिकट 500 रुपये तय किया गया है। यात्री दिल्ली पर्यटन की वेबसाइट से ऑनलाइन टिकट बुक कर सकेंगे।

सुबह 9 से रात 9 बजे तक मिलेगी सुविधा

क्रूज सेवा सुबह 9 बजे से रात 9 बजे तक उपलब्ध रहेगी। सोनिया विहार-जगतपुर के बीच शुरू की गई यह सेवा यमुना नदी में मनोरंजनात्मक नौकायन और पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से शुरू की गई है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने भी एक्स पर पोस्ट कर इसकी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि यमुना रिवर क्रूज दिल्ली को एक नया अनुभव देगा। इससे लोगों को यमुना के करीब आने और मनोरंजन के नए अवसर मिलेंगे। साथ ही दिल्ली के नदी तट को नई पहचान मिलेगी।

पल्ला से वजीराबाद के बीच शुरू हुई सेवा

दिल्ली में यमुना नदी के दो हिस्से हैं। पहला हिस्सा पल्ला से वजीराबाद तक करीब 26 किलोमीटर लंबा है। इस हिस्से में पूरे साल पानी रहता है और पानी साफ भी रहता है। रिवर सफारी की शुरुआत इसी क्षेत्र में की गई है। दूसरा हिस्सा वजीराबाद बैराज से ओखला बैराज तक करीब 22 किलोमीटर लंबा है। इस हिस्से में पानी काफी कम या कई जगहों पर नहीं रहता। यहां 22 बड़े नाले यमुना में मिलते हैं। इनमें नजफगढ़ नाला सबसे बड़ा है।

पिछले महीने हुआ था परीक्षण

क्रूज सेवा शुरू करने से पहले पिछले महीने इसके पोत का परीक्षण किया गया था। भारतीय अंतर्देशीय जलमार्ग प्राधिकरण और दिल्ली सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में यह परीक्षण सफल रहा था। इस पहल को बंदरगाह, जहाजरानी और जलमार्ग मंत्रालय के अधीन भारतीय अंतर्देशीय जलमार्ग प्राधिकरण ने शुरू किया है।

यमुना नदी को राष्ट्रीय जलमार्ग अधिनियम, 2016 के तहत राष्ट्रीय जलमार्ग-110 घोषित किया गया है। सोनिया विहार-जगतपुर खंड में क्रूज सेवा शुरू करना इसी जलमार्ग की पर्यटन और मनोरंजन की संभावनाओं को आगे बढ़ाने की दिशा में कदम है। इस सेवा में बिजली से चलने वाले क्रूज जहाजों का इस्तेमाल किया जाएगा। इससे स्वच्छ और टिकाऊ जल परिवहन को बढ़ावा देने के साथ दिल्ली में नदी आधारित पर्यटन को भी नई दिशा मिलने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *