गणेशोत्सव पर मुंबईकरों को बड़ी राहत, 11 से 27 सितंबर तक इन रास्तों पर नहीं लगेगा टोल

Ganeshotsav 2026: गणेशोत्सव के दौरान मुंबई से कोंकण और कोल्हापुर अपने गांव जाने वाले लोगों के लिए महाराष्ट्र सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। गणेश भक्तों की यात्रा को आसान बनाने और टोल प्लाजा पर लगने वाले जाम से राहत देने के लिए 11 सितंबर से 27 सितंबर 2026 तक चुनिंदा मार्गों पर टोल टैक्स माफ किया जाएगा। इस दौरान टोल छूट का फायदा लेने के लिए वाहनों पर विशेष ‘गणेशोत्सव 2026 कोंकण दर्शन’ पास लगाना जरूरी होगा।

सरकार के इस फैसले से उन मुंबईकरों को राहत मिलने की उम्मीद है, जो गणेशोत्सव के लिए कोंकण स्थित अपने गांव जाते हैं। टोल माफी के साथ सरकार ने यातायात को सुचारु बनाए रखने के लिए भी विशेष इंतजाम करने के निर्देश दिए हैं।

इन रास्तों पर मिलेगी टोल से छूट

सार्वजनिक निर्माण मंत्री शिवेंद्रसिंहराजे भोसले के मुताबिक, टोल माफी मुंबई-बेंगलुरु नेशनल हाईवे-48 और मुंबई-गोवा नेशनल हाईवे-66 पर लागू होगी। इसके अलावा सार्वजनिक निर्माण विभाग और महाराष्ट्र राज्य सड़क विकास महामंडल के तहत आने वाले कोंकण जाने वाले संबंधित मार्गों पर भी वाहनों को टोल से छूट दी जाएगी।

अटल सेतु के रास्ते कोंकण जाने वाले गणेश भक्तों के वाहनों को भी इस सुविधा का लाभ मिलेगा। यानी इन निर्धारित मार्गों से यात्रा करने वाले लोगों को गणेशोत्सव के दौरान टोल भुगतान नहीं करना पड़ेगा।

पास के बिना नहीं मिलेगा टोल माफी का लाभ

टोल छूट का फायदा लेने के लिए सरकार की ओर से ‘गणेशोत्सव 2026 कोंकण दर्शन’ नाम से विशेष स्टिकर या पास जारी किया जाएगा। इस पास पर वाहन का रजिस्ट्रेशन नंबर और चालक का नाम दर्ज रहेगा। यह पास पुलिस स्टेशन, ट्रैफिक पुलिस चौकियों और आरटीओ कार्यालयों से उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जाएगी। खास बात यह है कि पास केवल कोंकण जाते समय ही नहीं, बल्कि वापसी की यात्रा के दौरान भी मान्य रहेगा।

ST बसों को भी मिलेगी टोल माफी

गणेशोत्सव के दौरान कोंकण और कोल्हापुर जाने वाली MSRTC की एसटी बसों को भी टोल से छूट दी जाएगी। राज्य के अलग-अलग जिलों से इन क्षेत्रों की ओर जाने वाली बसों को इस फैसले का फायदा मिलेगा। गणेशोत्सव के दौरान सड़कों पर बढ़ने वाली भीड़ और टोल नाकों पर संभावित जाम को देखते हुए पुलिस, ट्रैफिक पुलिस और परिवहन विभाग को आपसी समन्वय के साथ विशेष व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं।

गणपति बप्पा के स्वागत के लिए करोड़ों का बीमा

गणेशोत्सव के दौरान मुंबई में बड़े गणपति पंडाल भी श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहेंगे। मुंबई के चर्चित GSB सेवा मंडल ने अपने गणपति उत्सव के लिए 703.27 करोड़ रुपये का बीमा कराया है। यहां स्थापित महागणपति को करीब 66 किलोग्राम सोने और 335 किलोग्राम चांदी से सजाया जाएगा।

सार्वजनिक निर्माण मंत्री शिवेंद्रसिंहराजे भोसले ने कहा कि गणेशोत्सव महाराष्ट्र की आस्था और संस्कृति से जुड़ा महत्वपूर्ण पर्व है। कोंकण में अपने गांव जाकर गणपति बप्पा का स्वागत करने वाले श्रद्धालुओं की यात्रा सुरक्षित और सुविधाजनक हो तथा उन पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ न पड़े, इसी उद्देश्य से सरकार ने टोल माफी का फैसला लिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *