Bigg Boss 20: सलमान खान के रियलिटी शो ‘बिग बॉस 20’ में इस बार मनोज तिवारी की बेटी ऋति तिवारी नजर आएंगी। शो के नए प्रोमो में मनोज तिवारी अपनी बेटी को लेकर स्टेज पर पहुंचे। इसके बाद म्यूजिशियन ऋति ने स्टेज पर परफॉर्मेंस दी। प्रोमो में सलमान खान ने ऋति को एक खास सलाह भी दी, जिसके बाद मनोज तिवारी और सलमान दोनों हंस पड़े।
‘बिग बॉस 20’ का प्रीमियर 6 सितंबर की शाम को होगा। दर्शक इसे जियो हॉटस्टार और कलर्स टीवी पर देख सकेंगे। शो के प्रीमियर से पहले मेकर्स लगातार कंटेस्टेंट्स की झलक प्रोमो के जरिए दिखा रहे हैं।
सलमान ने मनोज तिवारी को किया याद
प्रोमो की शुरुआत मनोज तिवारी के स्टेज पर गाना गाते हुए आने से होती है। सलमान खान उनसे मजाक में पूछते हैं कि क्या वह दोबारा शो में आना चाहते हैं। मनोज जवाब देते हैं कि वह इस बार खुद हिस्सा लेने नहीं, बल्कि अपनी बेटी ऋति को छोड़ने आए हैं। इसके बाद ऋति तिवारी स्टेज पर आती हैं और परफॉर्मेंस देती हैं। नए प्रोमो से साफ होता है कि ऋति इस सीजन में कंटेस्टेंट के तौर पर बिग बॉस के घर में एंट्री करेंगी।
अंडों को लेकर सलमान की सलाह पर हंसे मनोज
सलमान खान ऋति को सलाह देते हुए कहते हैं, “घर के अंदर, अंडों को लेकर कभी लड़ाई मत करना। ये बाप पर मत जाना।” इस पर ऋति भी जवाब देती हैं, “मेरे बाप पर आना नहीं।” उनकी बात सुनकर मनोज तिवारी मुस्कुराते हुए अपना चेहरा छिपा लेते हैं। इसके बाद ऋति अपने पिता से जुड़ा एक मजाक करती हैं, जिस पर मनोज तिवारी और सलमान खान दोनों हंस पड़ते हैं। मेकर्स ने प्रोमो शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा, “तिवारी की विरासत को आगे बढ़ाएं बिग बॉस में आ रही है @rhititivari।”
बिग बॉस 4 की पुरानी लड़ाई फिर आई चर्चा में
प्रोमो में सलमान खान ने ‘बिग बॉस 4’ के दौरान मनोज तिवारी और डॉली बिंद्रा के बीच हुई चर्चित लड़ाई का भी जिक्र किया। यह झगड़ा अंडों को लेकर हुआ था। मनोज तिवारी नाश्ते में आमलेट खाना चाहते थे, जबकि डॉली बिंद्रा चाहती थीं कि पहले बचा हुआ खाना खत्म किया जाए। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ था। उस दौरान मनोज ने कहा था, “किचन किसी के बाप का नहीं है।” इसके जवाब में डॉली ने कहा था, “बाप पर मत बोलना।” प्रोमो में सलमान की सलाह इसी पुराने किस्से से जुड़ी हुई है।
6 सितंबर को होगा शो का प्रीमियर
‘बिग बॉस 20’ का प्रीमियर 6 सितंबर को जियो हॉटस्टार पर रात 9 बजे और कलर्स टीवी पर रात 10:30 बजे होगा। मेकर्स कंटेस्टेंट्स की झलक लगातार प्रोमो के जरिए दिखा रहे हैं। शो के संभावित कंटेस्टेंट्स में बादशाह की अलग हो चुकी पत्नी ईशा रिखी, फैसल खान, करण वाही की एक्स-गर्लफ्रेंड उदिति सिंह, कुशल तंवर, काजी तौकीर, यंग डीएसए, रिया चक्रवर्ती के भाई शोविक चक्रवर्ती और खुशी दुबे जैसे नाम चर्चा में हैं। बॉक्सिंग की दिग्गज मैरी कॉम का नाम भी संभावित कंटेस्टेंट्स में लिया जा रहा है।