weather update in india: 6 सितंबर को देश के कई राज्यों में मौसम का मिजाज बिगड़ा रहेगा। मौसम विभाग ने दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान, हरियाणा, उत्तराखंड, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर समेत कई राज्यों में भारी बारिश और तेज हवाओं को लेकर अलर्ट जारी किया है। कुछ इलाकों में हवाओं की रफ्तार 60 से 65 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
इन राज्यों में बिगड़ेगा मौसम
दिल्ली में देर शाम तक तेज आंधी के साथ बारिश होने की संभावना है। यहां 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद, मेरठ, गौतमबुद्ध नगर, सहारनपुर, प्रयागराज, गोरखपुर, कुशीनगर और लखनऊ समेत कई जिलों में बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट है।
बिहार में पटना, गया, जहानाबाद, बक्सर, रोहतास, पूर्णिया, भागलपुर, कटिहार, दरभंगा, सुपौल और सहरसा समेत कई जिलों में भारी बारिश की आशंका है। इन इलाकों में 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक की तूफानी हवाएं चल सकती हैं।
राजस्थान-MP में भारी बारिश की चेतावनी
मौसम विभाग के मुताबिक, उत्तर-पश्चिम मध्य प्रदेश और उससे सटे दक्षिण-पश्चिम उत्तर प्रदेश के ऊपर बने निम्न दबाव क्षेत्र के प्रभाव से पूर्वी राजस्थान और पश्चिमी मध्य प्रदेश में कुछ जगहों पर भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। राजस्थान के जयपुर, अलवर, भरतपुर, दौसा, बूंदी और उदयपुर समेत कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट है। वहीं मध्य प्रदेश के इंदौर, सागर, विदिशा, कटनी, दमोह, खरगोन और खंडवा समेत कई जिलों में बारिश और आंधी की चेतावनी जारी की गई है।
पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन का खतरा
झारखंड, हरियाणा, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर के कई जिलों में भी भारी बारिश और तेज हवाओं की संभावना है। पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में भारी से बहुत भारी बारिश का अनुमान है। ऐसे में पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन का खतरा बढ़ सकता है। पश्चिम बंगाल और पंजाब में भी तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है। उत्तर और पूर्वी राज्यों में बारिश के कारण नदियों का जलस्तर बढ़ने का खतरा बना हुआ है।
फसलों को नुकसान की आशंका
तेज आंधी और बारिश से फसलों को नुकसान पहुंचने की आशंका है। कुछ इलाकों में ओलावृष्टि भी हो सकती है। मौसम खराब होने के दौरान लोगों को खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे जाने से बचने की सलाह दी गई है।