दिल्ली सरकार ने महिलाओं के लिए पिंक टिकट की अवधि बढ़ाई, अब 16 अगस्त तक बनवा सकेंगी स्मार्ट कार्ड

cm Rekha Gupta

नई दिल्ली। दिल्ली सरकार ने महिलाओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए DTC बसों में मुफ्त यात्रा के लिए पिंक टिकट की सुविधा 15 अगस्त 2026 तक बढ़ा दी है। 16 अगस्त 2026 से मुफ्त बस यात्रा के लिए ‘सहेली पिंक स्मार्ट कार्ड’ अनिवार्य हो जाएगा।

दिल्ली सरकार के आधिकारिक बयान में कहा गया है कि अब तक 17.20 लाख से अधिक सहेली पिंक स्मार्ट कार्ड जारी किए जा चुके हैं। जो महिलाएं अभी तक यह कार्ड नहीं बनवा पाई हैं, उन्हें जल्द से जल्द बनवाने की सलाह दी गई है, ताकि बिना किसी रुकावट के मुफ्त यात्रा का लाभ जारी रहे।

पहले 1 अगस्त थी लास्ट डेट

इससे पहले 1 अगस्त से स्मार्ट कार्ड अनिवार्य करने का फैसला था, लेकिन महिलाओं को पर्याप्त समय देने के लिए समयसीमा बढ़ाई गई। 15 अगस्त तक कंडक्टर पहले की तरह पिंक टिकट जारी करते रहेंगे। 16 अगस्त से बिना वैध सहेली पिंक स्मार्ट कार्ड के मुफ्त यात्रा नहीं मिल सकेगी और सामान्य किराया चुकाना होगा। यह स्मार्ट कार्ड नेशनल कॉमन मोबिलिटी कार्ड (NCMC) आधारित है। इससे महिलाओं को बस में चढ़ते समय कार्ड टैप कर मुफ्त यात्रा का लाभ मिलेगा। यह सुविधा दिल्ली की महिला निवासियों के लिए उपलब्ध है। कार्ड DTC डिपो और अधिसूचित केंद्रों पर आसानी से बनवाया जा सकता है।

दिल्ली की महिलाओं को होगी सुविधा

दिल्ली सरकार का यह कदम महिलाओं को सार्वजनिक परिवहन में आसानी और सुरक्षा प्रदान करने के उद्देश्य से उठाया गया है। पिंक टिकट योजना पहले से चल रही थी, अब इसे डिजिटल और स्मार्ट सिस्टम में बदला जा रहा है। सरकार ने अपील की है कि महिलाएं समय रहते कार्ड बनवा लें और योजना का पूरा लाभ उठाएं। यह फैसला महिलाओं की सुविधा और योजना को सुचारू रूप से लागू करने की दिशा में महत्वपूर्ण है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *