ग्लासगो (स्कॉटलैंड)। कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 की महिला 51 किलोग्राम मुक्केबाजी स्पर्धा में भारत की साक्षी चौधरी ने स्वर्ण पदक जीतकर देश का मान बढ़ाया है। हरियाणा के भिवानी की रहने वाली इस मुक्केबाज ने फाइनल में मेजबान इंग्लैंड की रूबी व्हाइट को सर्वसम्मति से 5-0 के फैसले से हराया।
साक्षी ने पूरे मुकाबले में अपनी रणनीति, फुटवर्क और सटीक मुक्कों से विरोधी पर हावी रहीं। पहले राउंड से ही नियंत्रण अपने हाथ में ले लिया और अंतिम घंटी तक अपना दबदबा बनाए रखा। जजों ने एकमत से उन्हें विजेता घोषित किया। इस जीत के साथ भारत को मुक्केबाजी में उस दिन का तीसरा स्वर्ण पदक मिला।
CM सैनी ने दी बधाई
इस उपलब्धि पर हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी ने सोशल मीडिया पर साक्षी को हार्दिक बधाई दी। उन्होंने लिखा, “ग्लासगो में आयोजित कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 की महिला 51 किलोग्राम मुक्केबाजी स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतने पर हरियाणा की लाडो बिटिया साक्षी चौधरी जी को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ। संकल्प की मजबूती और मुक्कों की धार ने आपको स्वर्णिम शिखर तक पहुँचाया है। रिंग में आपकी निर्भीकता, शानदार रणनीति और बेहतरीन खेल कौशल ने भारत को गौरव का एक और स्वर्णिम क्षण प्रदान किया है। आपके उज्ज्वल भविष्य के लिए मंगलकामनाएँ।”
कौन हैं साक्षी?
साक्षी भारतीय सेना में हवलदार हैं और आर्मी स्पोर्ट्स इंस्टीट्यूट पुणे में प्रशिक्षण लेती हैं। चयन ट्रायल में उन्होंने दो विश्व चैंपियनों को मात देकर टीम में जगह बनाई थी। उन्होंने वजन वर्ग भी घटाया था। उनकी इस सफलता से हरियाणा के मुक्केबाजी गढ़ भिवानी का गौरव और बढ़ा है। भारत ने कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में मुक्केबाजी में शानदार प्रदर्शन किया। साक्षी की जीत देश के युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी। पूरा देश उनकी इस उपलब्धि पर गर्व महसूस कर रहा है।