दिल्ली में नकली सीमेंट रैकेट का भंडाफोड़, 2 फैक्ट्रियों पर क्राइम ब्रांच की बड़ी कार्रवाई

नई दिल्ली: दिल्ली में मिलावटखोरी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए क्राइम ब्रांच ने नकली सीमेंट बनाने वाले एक बड़े रैकेट का खुलासा किया है। यह कार्रवाई दो अलग-अलग फैक्ट्रियों पर की गई, जहां लंबे समय से नकली ब्रांडेड सीमेंट तैयार कर बाजार में सप्लाई किया जा रहा था।

मंडोली और जवाहर नगर में चल रही थी फैक्ट्रियां

पुलिस ने यह कार्रवाई मंडोली और जवाहर नगर इंडस्ट्रियल एरिया में की। गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी के दौरान एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया, जबकि अन्य लोगों की तलाश जारी है।

कैसे बन रहा था नकली माल

जांच में सामने आया कि एक्सपायर और खराब सीमेंट में क्लिंकर मटेरियल मिलाकर उसे मशहूर कंपनियों के खाली बैग में पैक किया जाता था। इसके बाद इस नकली सीमेंट को असली बताकर बाजार में बेचा जाता था।

भारी मात्रा में नकली सीमेंट बरामद

छापेमारी के दौरान पुलिस ने बड़ी मात्रा में सामग्री बरामद की, जिसमें शामिल हैं

  • 2725 खाली ब्रांडेड सीमेंट बैग
  • 341 भरी हुई नकली सीमेंट की बोरियां
  • बड़ी मात्रा में मिलावटी सीमेंट और क्लिंकर मटेरियल
  • लगभग 1780 खराब सीमेंट की बोरियां

फैक्ट्रियां सील, मशीनें जब्त

क्राइम ब्रांच ने दोनों फैक्ट्रियों में लगी अवैध मशीनों को जब्त कर लिया है और पूरे परिसर को सील कर दिया है। पुलिस का कहना है कि यह रैकेट लंबे समय से सक्रिय था और निर्माण कार्यों में नकली सीमेंट की सप्लाई कर लोगों की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ किया जा रहा था।

सप्लाई नेटवर्क की जांच जारी

अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि यह नकली सीमेंट किन-किन इलाकों में सप्लाई किया गया और इस गिरोह से जुड़े बाकी लोग कौन हैं।

पहले भी सामने आ चुके हैं ऐसे मामले

गौरतलब है कि दिल्ली-NCR में इससे पहले भी मिलावटी दूध और अन्य खाद्य पदार्थों को लेकर कार्रवाई हो चुकी है। हाल ही में बुलंदशहर में नकली दूध बनाने वाले एक बड़े रैकेट का भी खुलासा किया गया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *