चंडीगढ़: हरियाणा सरकार ने शुक्रवार को राज्य के करीब 59 लाख लोगों को बड़ी राहत देते हुए 24 कल्याणकारी योजनाओं के तहत 2115.41 करोड़ रुपये ऑनलाइन जारी किए। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने विभिन्न योजनाओं की राशि सीधे लाभार्थियों के खातों में ट्रांसफर की।
सामाजिक सुरक्षा पेंशन पर सबसे ज्यादा खर्च
सरकार ने 18 सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के तहत 35.62 लाख लाभार्थियों के खातों में 1146.73 करोड़ रुपये भेजे। वहीं ‘दीन दयाल लाडो लक्ष्मी’ योजना की सातवीं किस्त के रूप में 9.76 लाख महिलाओं को 205 करोड़ रुपये जारी किए गए।
किसानों को मिला मुआवजा
खरीफ 2025 की फसल खराब होने से प्रभावित 1.50 लाख से अधिक किसानों को 370.52 करोड़ रुपये का मुआवजा दिया गया। इसमें भिवानी और हिसार के किसानों को सबसे ज्यादा लाभ मिला। सरकार के अनुसार अब तक किसानों को हजारों करोड़ रुपये की सहायता राशि दी जा चुकी है।
छात्रवृत्ति और गैस सब्सिडी भी जारी
अनुसूचित जाति और पिछड़ा वर्ग के 64 हजार से ज्यादा विद्यार्थियों के खातों में 100.45 करोड़ रुपये की छात्रवृत्ति भेजी गई। इसके अलावा 11.23 लाख महिलाओं को गैस सिलेंडर सब्सिडी के तौर पर 38.54 करोड़ रुपये ट्रांसफर किए गए।
सब्जी उत्पादक किसानों को राहत
भावांतर भरपाई योजना के तहत आलू और फूलगोभी की फसल खराब होने से प्रभावित 5296 किसानों को 38.88 करोड़ रुपये दिए गए। यह राशि अंबाला, करनाल, कुरुक्षेत्र, यमुनानगर और पंचकूला के किसानों को मिली।
प्रो-एक्टिव मॉडल’ का जिक्र
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि सरकार परिवार पहचान पत्र (PPP) आधारित ‘प्रो-एक्टिव मॉडल’ पर काम कर रही है, जिससे पात्र लोगों को बिना आवेदन किए सीधे योजनाओं का लाभ मिल रहा है। उन्होंने दावा किया कि डबल इंजन सरकार ने किसानों और गरीबों के हित में रिकॉर्ड स्तर पर सहायता राशि जारी की है।