नई दिल्ली: दिल्ली सरकार में मंत्री रेखा गुप्ता ने शुक्रवार को राजकीय सर्वोदय विद्यालय, रूप नगर का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्कूल की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और विद्यार्थियों से सीधे बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं।
छात्रों से जानी स्कूल की स्थिति
निरीक्षण के दौरान रेखा गुप्ता ने क्लासरूम में जाकर छात्रों से पेयजल, फायर सेफ्टी, स्वच्छता, गर्मी से बचाव के इंतजाम और पढ़ाई से जुड़ी सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने छात्रों से यह भी पूछा कि स्कूल में उन्हें किन समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।
अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश
मंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि विद्यार्थियों की सुरक्षा और मूलभूत सुविधाओं में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने स्कूल प्रशासन से जरूरी सुधार कार्यों की विस्तृत रिपोर्ट भी मांगी है, ताकि जल्द से जल्द कमियों को दूर किया जा सके।
स्कूलों में सुधार के लिए युद्धस्तर पर काम’
रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली के सरकारी स्कूल लंबे समय से बदहाल इंफ्रास्ट्रक्चर और मूलभूत सुविधाओं की कमी से जूझ रहे थे। हालांकि पिछले एक साल में सरकार लगातार स्कूलों में आवश्यक सुविधाएं मजबूत करने, इंफ्रास्ट्रक्चर सुधारने और विद्यार्थियों के लिए सुरक्षित एवं बेहतर माहौल तैयार करने की दिशा में तेजी से काम कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि हर सरकारी स्कूल में छात्रों को बेहतर शिक्षा के साथ सुरक्षित और सुविधाजनक वातावरण मिले।