Bengal BJP Legislature Party Meeting: पश्चिम बंगाल में नई सरकार के गठन को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। शुक्रवार को कोलकाता में भारतीय जनता पार्टी (BJP) विधायक दल की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित होने जा रही है, जिसमें विधायक दल के नेता का चुनाव किया जाएगा। इसी नेता के मुख्यमंत्री बनने की संभावना है। बीजेपी विधायक दल की यह बैठक दोपहर 2 बजे शुरू होगी।
बैठक में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह पर्यवेक्षक के रूप में मौजूद रहेंगे। वहीं, मोहन चरण माझी को सह-पर्यवेक्षक बनाया गया है। दोनों वरिष्ठ नेता विधायकों से चर्चा कर उनकी राय जानेंगे, जिसके बाद विधायक दल के नेता के नाम पर अंतिम फैसला लिया जाएगा।
नेता चुने जाने के बाद राजभवन जाएंगे BJP नेता
सूत्रों के अनुसार, विधायक दल का नेता चुने जाने के तुरंत बाद BJP का प्रतिनिधिमंडल राजभवन पहुंचकर सरकार बनाने का दावा पेश करेगा। इसके साथ ही राज्य में नई सरकार के गठन की औपचारिक प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।
9 मई को होगा शपथ ग्रहण समारोह
नई सरकार का शपथ ग्रहण समारोह 9 मई को आयोजित किया जाएगा। पार्टी इस कार्यक्रम को भव्य बनाने की तैयारी कर रही है। समारोह में प्रधानमंत्री Narendra Modi, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह समेत कई केंद्रीय मंत्रियों के शामिल होने की संभावना है।
20 राज्यों के CM भी हो सकते हैं शामिल
जानकारी के मुताबिक, देश के करीब 20 राज्यों के मुख्यमंत्री भी शपथ ग्रहण समारोह में हिस्सा ले सकते हैं। ऐसे में यह कार्यक्रम राष्ट्रीय स्तर का बड़ा राजनीतिक आयोजन बन सकता है। मुख्यमंत्री के नाम को लेकर राजनीतिक चर्चाएं तेज हैं। आज होने वाली विधायक दल की बैठक पर सिर्फ पश्चिम बंगाल ही नहीं, बल्कि पूरे देश की नजर बनी हुई है।