दिल्ली से सोमनाथ के लिए विशेष ट्रेन रवाना, CM रेखा गुप्ता ने 1400 श्रद्धालुओं दिखाई हरी झंडी

नई दिल्ली: रेखा गुप्ता और केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने बृहस्पतिवार को ‘सोमनाथ स्वाभिमान पर्व’ के तहत सफदरजंग रेलवे स्टेशन से गुजरात स्थित सोमनाथ मंदिर के लिए जा रही विशेष ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

1400 श्रद्धालु कर रहे हैं यात्रा

मुख्यमंत्री ने बताया कि यह विशेष ट्रेन दिल्ली से लगभग 1,400 श्रद्धालुओं को लेकर सोमनाथ जा रही है। तीन दिवसीय इस यात्रा के दौरान श्रद्धालु भगवान शिव को समर्पित इस ऐतिहासिक मंदिर के दर्शन करेंगे। ट्रेन शुक्रवार सुबह अपने गंतव्य पर पहुंचेगी, जबकि सभी यात्री 5 मई 2026 को दिल्ली लौटेंगे।

सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने की पहल

सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि यह यात्रा ‘1000 वर्षों की अखंड आस्था’ को समर्पित एक महत्वपूर्ण सांस्कृतिक पहल है, जिसका उद्देश्य लोगों को उनकी आध्यात्मिक और सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ना है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रयासों का उल्लेख करते हुए कहा कि देश की विरासत को संरक्षित करने और लोगों को उससे जोड़ने के लिए लगातार काम किया जा रहा है।

आस्था और स्वाभिमान का प्रतीक

गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा कि सोमनाथ यात्रा देश की सांस्कृतिक विरासत और राष्ट्रीय स्वाभिमान को प्रस्तुत करने का माध्यम है। उन्होंने बताया कि 1,000 वर्ष पहले हुए आक्रमण के बावजूद लोगों की अटूट आस्था की स्मृति में देश के विभिन्न हिस्सों से ऐसी यात्राएं आयोजित की जा रही हैं।

सरकारों की संयुक्त व्यवस्था

आधिकारिक बयान के अनुसार, इस यात्रा का पूरा रेल किराया और भोजन की व्यवस्था दिल्ली सरकार द्वारा की जा रही है, जबकि गुजरात सरकार यात्रियों के ठहरने, स्थानीय परिवहन और मंदिर दर्शन की व्यवस्था करेगी।

आस्था और सांस्कृतिक जुड़ाव पर जोर

दिल्ली के कैबिनेट मंत्री कपिल मिश्रा ने कहा कि यह पहल केवल यात्रा नहीं, बल्कि लोगों की आस्था, सम्मान और सांस्कृतिक जुड़ाव को मजबूत करने का एक प्रयास है। सरकार का कहना है कि भविष्य में भी इस तरह की धार्मिक और सांस्कृतिक यात्राओं का आयोजन जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *