नोएडा: नोएडा के औद्योगिक क्षेत्रों में सोमवार को वेतन वृद्धि की मांग को लेकर कर्मचारियों का प्रदर्शन अचानक हिंसक हो गया। हालात बिगड़ने पर कई जगह आगजनी, पथराव और तोड़फोड़ की घटनाएं सामने आईं, जिससे पूरे इलाके में तनाव फैल गया।
कब से शुरू हुआ प्रदर्शन?
सुबह के समय नोएडा फेज-2, सेक्टर-60 नोएडा, सेक्टर-62 नोएडा और सेक्टर-84 नोएडा में बड़ी संख्या में फैक्टरी कर्मचारी इकट्ठा हुए। उन्होंने वेतन संशोधन और अन्य मांगों को लेकर नारेबाजी शुरू की और सड़कों पर उतर आए।
यातायात पर पड़ा असर
शुरुआती शांतिपूर्ण प्रदर्शन जल्द ही हिंसक हो गया। कुछ प्रदर्शनकारियों ने वाहनों में आग लगा दी, पथराव किया और सार्वजनिक व निजी संपत्ति को नुकसान पहुंचाया। इससे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और स्थानीय लोग दहशत में आ गए। प्रदर्शनकारियों ने राष्ट्रीय राजमार्ग-9 को जाम कर दिया, जिससे दिल्ली-नोएडा सीमा पर कई किलोमीटर लंबा जाम लग गया। सुबह के व्यस्त समय में हजारों वाहन फंस गए और दफ्तर जाने वाले लोगों को भारी परेशानी उठानी पड़ी।
प्रशासन ने संभाला मोर्चा
स्थिति बिगड़ने की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर हालात को नियंत्रित करने की कोशिश की। संवेदनशील इलाकों में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। अधिकारियों के अनुसार, स्थिति अब नियंत्रण में है और लगातार निगरानी की जा रही है। दिल्ली और नोएडा को जोड़ने वाले प्रमुख मार्गों पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है। बॉर्डर पर बैरिकेडिंग की गई है और वाहनों की सघन जांच हो रही है, ताकि कोई असामाजिक तत्व स्थिति का फायदा न उठा सके।
क्या है श्रमिको की मांगें?
गौरतलब है कि यह विरोध प्रदर्शन श्रमिकों की लंबे समय से लंबित वेतन वृद्धि की मांग को लेकर किया जा रहा था। प्रशासन ने हाल ही में दोगुना ओवरटाइम भुगतान, समय पर वेतन और साप्ताहिक अवकाश जैसे निर्देश जारी किए थे। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों से दूर रहने की अपील की है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही स्थिति पूरी तरह सामान्य कर ली जाएगी।