नई दिल्लीः दिल्ली की 1511 अवैध कॉलोनियों में रहने वाले लोगों के लिए मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बड़ा ऐलान किया है। इन कालोनियों के माथे से अवैध का कलंक हटाने के लिए पीएम उदय योजना को नए तरीके से लागू किया जा रहा है। सीएम रेखा गुप्ता ने मंगलवार को कहा कि आज का दिन दिल्ली के लिए बहुत खास है, दिल्ली में हर प्लेटफार्म पर काम हो रहा है, समस्याओं का समाधान मिल रहा है, नई पॉलिसी चल रही है और दिल्ली विकसित भारत के साथ मिलते हुए साथ में चलते हुए विकसित दिल्ली की ओर लगातार काम कर रही है।
उन्होंने कहा कि 2019 में दिल्ली की अवैध कॉलोनी के लिए पीएम उदय योजना शुरू की गई थी, लेकिन उसमें कई समस्या आ रही थी। लिहाजा केंद्र सरकार ने इन समस्याओं को ध्यान में रखते हुए काम किया। As is where is योजना के तहत आज अवैध कॉलोनी को बहुत फायदा होगा। इस योजना के तहत तकनीकी समस्याएं दूर होगी, अब दिल्ली सरकार के अधीन सर्वे, कन्वेंस डीड और अन्य काम हो सकेंगे। इसके लिए आवेदन के 45 दिन में कॉन्वेंस डीड जारी होगी।
PM उदय योजना का सरलीकरण होगा
सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि PM उदय योजना का सरलीकरण होगा। इसका लाभ दिल्ली की 1511 अवैध कॉलोनियों को मिलेगा। उन्होंने बताया कि 24 अप्रैल 2026 से पोर्टल के जरिए ऑनलाइन आवेदन शुरू होंगे। दूसरी योजना के तहत दिल्ली मेट्रो, RRTS के नजदीक वाले इलाकों में सस्ते मकान को सुविधा शुरू की जाएगी। इस दौरान केंद्रीय शहरी और विकास मंत्री मनोहर लाल भी मौजूद थे।