(नई दिल्ली): गोवा के एक नाइट क्लब में शनिवार रात लगी भीषण आग में 25 लोगों की मौत के बाद दिल्ली पुलिस ने रविवार को राजधानी के प्रमुख पार्टी क्षेत्रों में चौकसी बढ़ाने के निर्देश दिए। क्रिसमस और नए साल के दौरान भीड़ बढ़ने की संभावना को देखते हुए पुलिस ने क्लब, बार, रेस्तरां और कार्यक्रम स्थलों में अग्नि सुरक्षा अनुपालन की समीक्षा करने का आदेश दिया है।
आपातकालीन प्रोटोकॉल का सख्ती से पालन होगा अनिवार्य
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शहर में सभी प्रतिष्ठानों को यह सुनिश्चित करना होगा कि अग्निशमन उपकरण सही स्थिति में हों और आपातकालीन निकास मार्गों पर कोई बाधा न हो। बिजली की खपत और लोड की भी निगरानी की जाएगी। उन्होंने कहा कि भीड़भाड़ वाले दिनों में आपातकालीन प्रोटोकॉल का सख्ती से पालन अनिवार्य होगा।
रास्ता और यति क्लब के संस्थापक जॉय सिंह ने कहा कि दिल्ली के अधिकांश क्लब पहले से ही सभी सुरक्षा मानकों का पालन करते हैं। उन्होंने कहा कि गोवा की घटना बेहद दुखद है और मानव जीवन से बड़ी कोई चीज नहीं हो सकती। नियमों का पालन क्लब संचालकों के साथ-साथ क्लब में आने वाले लोगों के लिए भी जरूरी है।
भीड़भाड़ वाले इलाकों में बढ़ाई जाएगी सुरक्षा व्यवस्था
दिल्ली पुलिस ने बताया कि त्योहारों के दौरान भीड़भाड़ वाले इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई जाएगी। इसके तहत अतिरिक्त पुलिस गश्त, पीसीआर वाहनों की तैनाती, मोटरसाइकिल पेट्रोलिंग और नाइट क्लबों के बाहर ज्यादा बल तैनात किया गया है। अधिकारियों ने कहा कि जिला प्रशासन और फायर विभाग के साथ संयुक्त रूप से जांच भी तेज की जाएगी ताकि सभी प्रतिष्ठान सुरक्षा नियमों का पालन करें।