रोजगार मेले में बोले पीएम मोदी, कहा- युवाओं को सशक्त बनाना सरकार की प्राथमिकता

PM Narendra Modi

PM Modi on Rojgar Mela: (नई दिल्ली): प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को कहा कि भारतीय जनता पार्टी नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार युवाओं को सशक्त बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकारी नौकरी पाने से वंचित उम्मीदवारों को निजी क्षेत्र के संभावित नियोक्ताओं से जोड़ने के लिए नए रास्ते बनाए गए हैं ताकि हर प्रतिभा को अवसर मिल सके। नई दिल्ली में आयोजित सत्रहवें रोजगार मेले में प्रधानमंत्री मोदी का पहले से रिकॉर्ड किया गया संदेश चलाया गया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार का उद्देश्य है कि हर युवा को उसकी योग्यता और क्षमता के अनुरूप अवसर मिलें।

सरकारी नौकरियों के सौंपे गए हैं नियुक्ति पत्र

प्रधानमंत्री ने कहा कि अब देश की विदेश नीति भी युवाओं के हितों को ध्यान में रखकर तैयार की जा रही है। हमारे राजनयिक संबंध और वैश्विक समझौते युवाओं के प्रशिक्षण और रोजगार सृजन पर केंद्रित हो रहे हैं। उन्होंने बताया कि देश भर में आयोजित रोजगार मेलों में 51,000 से अधिक उम्मीदवारों को सरकारी नौकरियों के नियुक्ति पत्र सौंपे गए हैं, जबकि अब तक कुल 11 लाख से अधिक युवाओं को रोजगार के अवसर प्रदान किए जा चुके हैं।

‘प्रतिभा सेतु पोर्टल’ से जुड़ेंगे चयन से वंचित उम्मीदवार

प्रधानमंत्री ने कहा कि सरकार ने एक नई पहल ‘प्रतिभा सेतु पोर्टल’ शुरू की है। यह पोर्टल उन अभ्यर्थियों को अवसर देगा जो संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की अंतिम सूची तक पहुंचे लेकिन चयनित नहीं हो सके। उनके प्रयास व्यर्थ नहीं जाएंगे। निजी और सार्वजनिक दोनों क्षेत्र अब इस पोर्टल के माध्यम से इन प्रतिभाशाली युवाओं से जुड़ रहे हैं। पीएम मोदी ने कहा कि इस पोर्टल से न केवल युवाओं को सही अवसर मिलेगा, बल्कि देश दुनिया को भारत की प्रतिभा और क्षमता का प्रदर्शन कर सकेगा।

“युवाओं को सशक्त बनाना सरकार की प्राथमिकता

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि युवाओं को सशक्त बनाना भाजपा के नेतृत्व वाली राजग सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि भारत ने कई देशों के साथ निवेश साझेदारी कर रोजगार सृजन के नए रास्ते खोले हैं। हमने ब्राजील, सिंगापुर, दक्षिण कोरिया और कनाडा जैसे देशों के साथ समझौते किए हैं जो निवेश को बढ़ावा देने और स्टार्टअप्स तथा एमएसएमई को सहयोग देने में मदद करेंगे। उन्होंने बताया कि इन अंतरराष्ट्रीय साझेदारियों से न केवल रोजगार के नए अवसर पैदा हो रहे हैं, बल्कि निर्यात और विनिर्माण क्षेत्र को भी मजबूती मिल रही है।

“जीएसटी सुधारों से बढ़े रोजगार के अवसर”

प्रधानमंत्री मोदी ने माल एवं सेवा कर (जीएसटी) में हालिया सुधारों को देश के लिए एक बड़ा कदम बताया। उन्होंने कहा कि जीएसटी दरों में कमी से आम नागरिकों की बचत बढ़ी है और इससे बाजार में मांग और उत्पादन दोनों में तेजी आई है। जब रोज़मर्रा की चीजें सस्ती होती हैं, तो मांग बढ़ती है, उत्पादन तेज़ होता है और नए रोजगार पैदा होते हैं। जीएसटी बचत उत्सव अब एक तरह का रोजगार उत्सव बन गया है। उन्होंने कहा कि धनतेरस और दिवाली के दौरान हुई रिकॉर्ड बिक्री यह साबित करती है कि जीएसटी सुधारों ने भारतीय अर्थव्यवस्था को नई गति दी है।

एमएसएमई और खुदरा व्यापार को मिला प्रोत्साहन

प्रधानमंत्री ने कहा कि सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम (एमएसएमई) क्षेत्र तथा खुदरा व्यापार पर जीएसटी सुधारों का सीधा सकारात्मक प्रभाव पड़ा है। इससे विनिर्माण, रसद, पैकेजिंग और वितरण जैसे क्षेत्रों में रोजगार के नए अवसर तेजी से बढ़ रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *