Chhath Puja preparations Delhi: (नई दिल्ली): दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बुधवार को राजधानी के विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण कर तैयारियों की समीक्षा की। उनके साथ मंत्रिमंडल के कई सदस्य और अन्य वरिष्ठ नेता भी उपस्थित थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली सरकार छठ पूजा को श्रद्धा और भव्यता के साथ आयोजित करने के लिए पूरी तरह तैयार है। सीएम रेखा गुप्ता ने प्रेमबाड़ी, सिलापुर और मुनक नहर स्थित घाटों का दौरा किया और वहां की व्यवस्थाओं का जायज़ा लिया। उन्होंने कहा, “जिस तरह दिल्ली में इस बार दिवाली भव्य रही, उसी तरह छठ पूजा भी पूर्ण दिव्यता और श्रद्धा के साथ मनाई जाएगी।
सभी जनप्रतिनिधि कर रहे निगरानी
गुप्ता ने बताया कि सांसदों, विधायकों, पार्षदों और अन्य जनप्रतिनिधियों ने अपने-अपने क्षेत्रों में छठ घाटों की स्वच्छता और व्यवस्थाओं की निगरानी की है। सरकार की ओर से हर घाट पर टेंट, बिजली, स्वच्छ पेयजल, शौचालय और सफाई जैसी सभी मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। मुख्यमंत्री ने कहा, “यह पहली बार है जब दिल्ली सरकार इतने बड़े पैमाने पर धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन में सक्रिय भागीदारी निभा रही है।”
पर्यावरण मंत्री, पर्यटन मंत्री ने किया निरीक्षण
दिल्ली के पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने आईटीओ के पास स्थित हाथी घाट का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा, “कई वर्षों तक यमुना किनारे छठ पूजा की अनुमति नहीं दी गई थी, लेकिन हमारी सरकार ने इसे संभव बनाया। जो कार्य 25 सालों में नहीं हुआ, वह हमने 6 महीने में कर दिखाया। पर्यटन मंत्री कपिल मिश्रा ने सांसद मनोज तिवारी के साथ सोनिया विहार घाट का दौरा किया। मिश्रा ने कहा यमुना किनारे छठ पूजा कराना हमारा चुनावी वादा था। हमारी सरकार पहले ही साल में इस वादे को पूरा कर रही है। पिछली सरकार ने जानबूझकर छठ पर रोक लगाई थी।”
एमसीडी का सहयोग
दिल्ली नगर निगम की स्थायी समिति की अध्यक्ष सत्या शर्मा ने कहा कि एमसीडी और दिल्ली सरकार मिलकर सभी घाटों पर स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था और फॉगिंग की व्यवस्था कर रही हैं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी असुविधा का सामना न करना पड़े।