Chhath Puja Delhi 2025: (नई दिल्ली): दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बुधवार को घोषणा की कि उनकी सरकार इस वर्ष छठ पूजा के अवसर पर यमुना नदी के किनारे 17 आदर्श छठ घाटों का निर्माण करेगी। साथ ही, पूर्व वर्षों में यमुना तट पर पूजा करने के चलते श्रद्धालुओं पर दर्ज सभी कानूनी मामले वापस लिए जाएंगे।
गुप्ता ने कहा कि दिल्ली सरकार का लक्ष्य छठ पूजा को दिवाली की तरह ही स्वच्छ, सुरक्षित और श्रद्धा से परिपूर्ण माहौल में आयोजित करना है। उन्होंने कहा, “पहले यमुना किनारे छठ पूजा की अनुमति नहीं थी, लेकिन इस वर्ष हमने यह अनुमति दी है। हम पुरानी शिकायतें रद्द कर सभी मामले वापस लेंगे।”
बढ़ी घाटों की संख्या
मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले वर्ष जहां 929 घाट बनाए गए थे, इस बार संख्या बढ़ाकर 1,000 से अधिक कर दी गई है। इसमें यमुना किनारे 17 बड़े आदर्श घाट और प्रत्येक उप-मंडल में कम से कम एक आदर्श घाट शामिल होगा। सरकारी बयान के अनुसार, पल्ला से कालिंदी कुंज तक बनने वाले इन घाटों की लंबाई आसपास की आबादी के अनुसार आधा से डेढ़ किलोमीटर तक होगी।
मूलभूत सुविधाओं की व्यवस्था
प्रत्येक घाट पर तंबू, रोशनी, स्वच्छ पेयजल, अस्थायी शौचालय, सफाई, चिकित्सा वैन, भव्य प्रवेश द्वार और पुष्प वर्षा जैसी सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इसके अलावा, छठ पूजा की सांस्कृतिक भावना को बढ़ावा देने के लिए 200 से अधिक घाटों पर भोजपुरी और मैथिली में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
जनप्रतिनिधियों की भागीदारी
मुख्यमंत्री ने बताया कि सभी सांसदों, विधायकों और पार्षदों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने-अपने निर्वाचन क्षेत्रों में घाटों की सफाई और निगरानी में सक्रिय रूप से भाग लें। उन्होंने पिछली सरकार पर निशाना साधते हुए कहा, “पूर्ववर्ती सरकार ने आस्था पर प्रतिबंध लगाए थे, जबकि हमारी सरकार उसका सम्मान करती है।”
इस बार छठ होगा दिव्य और भव्य
सीएम रेखा गुप्ता ने बताया कि यमुना तट का विकास और छठ पूजा की स्वतंत्रता भाजपा सरकार के मुख्य चुनावी वादों में शामिल था। फरवरी में हुए विधानसभा चुनावों में भाजपा ने आम आदमी पार्टी को हराकर 27 वर्षों बाद दिल्ली की सत्ता में वापसी की थी।उन्होंने कहा, “जिस तरह दिल्ली ने इस दिवाली भव्य दीपोत्सव और ड्रोन शो के साथ इतिहास रचा, उसी तरह छठ भी दिव्य और भव्य होगा। मुख्यमंत्री ने दावा किया कि “दिल्ली अब केवल भारत की राजनीतिक राजधानी नहीं, बल्कि आस्था की राजधानी भी बन रही है।”
25 से 28 अक्टूबर तक छठ पूजा
छठ पूजा का चार दिवसीय पर्व इस वर्ष 25 से 28 अक्टूबर तक मनाया जाएगा। यह पर्व विशेष रूप से पूर्वांचल समुदाय के लोगों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है, जो दिल्ली की जनसंख्या का एक बड़ा हिस्सा हैं।