अमृतसर में आतंकी गतिविधियों से जुड़े दो गिरफ्तार, RPG और लॉन्चर बरामद

Punjab Police

चंडीगढ़: पंजाब पुलिस ने अमृतसर में आतंकवादी गतिविधियों में संलिप्त दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके पास से रॉकेट प्रोपेल्ड ग्रेनेड (RPG) और उसका लॉन्चर बरामद किया है। अधिकारियों के अनुसार, इसका इस्तेमाल लक्षित आतंकी हमले के लिए किया जाना था।

पंजाब के पुलिस महानिदेशक (DGP) गौरव यादव ने मंगलवार को ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर जानकारी साझा करते हुए बताया कि अमृतसर ग्रामीण पुलिस ने केंद्रीय एजेंसियों के साथ समन्वय कर यह कार्रवाई की। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान महकदीप सिंह उर्फ महक (निवासी वडाली, अमृतसर) और आदित्य उर्फ अधी (निवासी भगा छीना, अमृतसर) के रूप में हुई है। उनके पास से एक मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है।

पाकिस्तान के संपर्क में थे

डीजीपी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि दोनों आरोपी पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI के संपर्क में थे, जिसने ड्रोन के जरिए हथियारों की खेप भेजी थी। इसके अलावा वे फिरोजपुर जेल में बंद कुख्यात आरोपी हरप्रीत सिंह उर्फ विक्की के संपर्क में भी थे।

प्राथमिकी दर्ज, जांच जारी

अमृतसर (ग्रामीण) के घरिंडा पुलिस थाने में आरोपियों के खिलाफ विस्फोटक पदार्थ अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता की धारा 113 (आतंकी अधिनियम) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। अमृतसर ग्रामीण के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) मनींदर सिंह ने बताया कि हथियारों की डिलीवरी किन लोगों को दी जानी थी, इसका पता लगाने के लिए जांच जारी है। साथ ही, आरोपी विक्की को प्रोडक्शन वारंट के तहत पूछताछ के लिए फिरोजपुर जेल से लाया जाएगा। डीजीपी ने कहा कि इस मामले से जुड़े पूरे नेटवर्क को उजागर करने के लिए जांच तेज कर दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *