श्री मुक्तसर साहिब, पंजाब: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने मंगलवार को पंजाब की स्थिति पर चिंता जताते हुए कहा कि पंजाब-हरियाणा का रिश्ता सिर्फ दो राज्यों का नहीं, बल्कि साझा भाषा, संस्कृति और सुख-दुख का है। वे श्री मुक्तसर साहिब में एक कार्यक्रम में बोल रहे थे।
“छोटे भाई की तरह आया हूं”
सीएम सैनी ने कहा, “मैं यहां पड़ोसी राज्य के मुख्यमंत्री के तौर पर नहीं, बल्कि आपके छोटे भाई और शुभचिंतक के तौर पर आया हूं। गुरुओं ने हमें सिखाया है कि परिवार का कोई सदस्य मुसीबत में हो तो चुप नहीं बैठना चाहिए।” उन्होंने कहा कि आज पंजाब के हालात हर किसी को चिंतित करते हैं।
कांग्रेस पर बोला हमला
सैनी ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि पंजाब की जनता ने सबसे पहले कांग्रेस को मौका दिया। “कांग्रेस ने सालों तक राज्य में राज किया, लेकिन पंजाब को क्या मिला?” उन्होंने आरोप लगाया कि लंबे समय तक राज्य को या तो वंशवाद मिला, या आपसी लड़ाई, या भ्रष्टाचार।
“विकास की रफ्तार पर लगे ब्रेक”
सीएम सैनी ने कहा कि इन वजहों से पंजाब में विकास की रफ्तार पर ब्रेक लग गए। उन्होंने जोर दिया कि पंजाब और हरियाणा के रिश्ते ऐतिहासिक हैं और पंजाब की समस्या को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।