PM Modi Speech: (जालंधर): प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को पंजाब के जालंधर में 5,470 करोड़ रुपये से अधिक की रेल और सड़क अवसंरचना परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने विकास परियोजनाओं की सौगात देने के साथ-साथ आम आदमी पार्टी (AAP) की पंजाब सरकार पर भी तीखा हमला बोला। पीएम ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार विज्ञापनों के जरिए अपनी नाकामियों और जनता के साथ किए गए विश्वासघात को छिपाने की कोशिश कर रही है।
जालंधर में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार पंजाब के विकास के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि भले ही राज्य में भाजपा की सरकार नहीं है, लेकिन केंद्र की एनडीए सरकार विकास कार्यों में कोई कमी नहीं छोड़ रही। उन्होंने कार्यक्रम में शामिल लोगों की सराहना करते हुए कहा कि ‘स्वच्छता से स्वागत’ अभियान के जरिए लोगों ने श्री गुरु रविदास जी के सामाजिक समरसता और सामूहिक प्रयास के संदेश को साकार किया है।
रेल और सड़क परियोजनाओं की दी सौगात
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि पंजाब में कनेक्टिविटी को मजबूत करने के लिए कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं पर तेजी से काम किया जा रहा है। उन्होंने अमृतसर-काशी रेल सेवा की शुरुआत, दौलतपुर चौक-करटोली नई रेलवे लाइन के उद्घाटन, लुधियाना बाईपास के शिलान्यास और दिल्ली-अमृतसर-कटरा एक्सप्रेसवे के एक नए हिस्से के उद्घाटन का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं से राज्य के लोगों को बेहतर परिवहन सुविधा मिलेगी और आर्थिक गतिविधियों को भी गति मिलेगी।
कानून-व्यवस्था और नशे के मुद्दे पर घेरा
प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में पंजाब की कानून-व्यवस्था पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि राज्य में गैंगवार, रंगदारी और अपराध की घटनाएं बढ़ रही हैं, जिससे व्यापारियों और आम लोगों में असुरक्षा का माहौल है। पीएम ने आरोप लगाया कि नशा तस्कर खुलेआम सक्रिय हैं और पंजाब के युवाओं को नशे की ओर धकेला जा रहा है। उन्होंने कहा कि ऐसी स्थिति किसी भी राज्य के भविष्य के लिए चिंता का विषय है।
AAP पर साधा निशाना
प्रधानमंत्री मोदी ने आम आदमी पार्टी पर हमला बोलते हुए कहा कि जो लोग कभी देश की राजनीति बदलने का दावा करते थे, आज उनका वास्तविक चेहरा जनता के सामने आ चुका है। उन्होंने कहा कि हाल ही में दिल्ली की एक अदालत ने AAP के एक नेता को दंगे भड़काने और इंटेलिजेंस ब्यूरो (IB) के एक अधिकारी की हत्या से जुड़े मामले में दोषी ठहराया है। पीएम ने कहा कि ऐसे घटनाक्रम जनता के सामने पार्टी की कार्यशैली को उजागर करते हैं।