CM Saini suddenly arrived on school bus: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी कैथल दौरे के दौरान उस समय बच्चों के बीच पहुंच गए, जब उनका काफिला गांव अरनैचा से गुजर रहा था। सड़क पर एक स्कूली बस को देखकर मुख्यमंत्री खुद बस में सवार हो गए और बच्चों से मुलाकात की। मुख्यमंत्री सैनी को अचानक अपने बीच देखकर बच्चे हैरान होने के साथ-साथ काफी उत्साहित नजर आए।
दरअसल, मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी कैथल के गांव जड़ौला में आयोजित संत गुरु रविदास जी की प्रतिमा स्थापना समारोह में शामिल होने पहुंचे थे। कार्यक्रम के बाद लौटते समय वह गांव अरनैचा में एक कार्यकर्ता के घर गए। इसी दौरान उनके काफिले के पास एक स्कूली बस पहुंची।
सीएम से मिलने पर बच्चों की खुशी का ठिकाना नहीं रहा
स्कूली बस देखकर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बच्चों से मिलने का फैसला किया और बस में सवार हो गए। मुख्यमंत्री को अपने बीच देखकर बच्चों की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। सैनी ने बच्चों से बातचीत की और कई बच्चों से हाथ भी मिलाया। मुख्यमंत्री से सीधे मिलने और हाथ मिलाने पर बच्चे बेहद खुश दिखाई दिए। मुख्यमंत्री ने बच्चों से बातचीत के दौरान उनका हालचाल जाना। इस अचानक हुई मुलाकात ने बच्चों के लिए इस सफर को खास बना दिया। बस में मौजूद बच्चों के चेहरे पर मुख्यमंत्री से मिलने की खुशी साफ नजर आई।
हाथ हिलाकर किया विदा
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी सभी बच्चों से मिलने और बातचीत करने के बाद बस से नीचे उतर गए। मुख्यमंत्री के बस से उतरने के बाद भी बच्चों का उत्साह कम नहीं हुआ। उन्होंने बस से मुख्यमंत्री की ओर हाथ हिलाकर उन्हें विदा किया। मुख्यमंत्री का यह सहज अंदाज कैथल दौरे के दौरान चर्चा का विषय बना रहा। बिना किसी औपचारिक कार्यक्रम के स्कूली बच्चों के बीच पहुंचकर उनसे बातचीत करने का यह पल बच्चों के लिए यादगार बन गया।