Delhi school bomb threat: (नई दिल्ली): राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में शनिवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब कई स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी भरे संदेश मिले। इस सूचना के बाद दिल्ली पुलिस और बम निरोधक दस्तों ने तत्काल कार्रवाई करते हुए संबंधित स्कूल परिसरों में तलाशी अभियान शुरू कर दिया।
किन स्कूलों को मिली धमकी?
अधिकारियों ने बताया कि धमकी पाने वाले स्कूलों में द्वारका स्थित दिल्ली पब्लिक स्कूल (डीपीएस), कृष्णा मॉडल पब्लिक स्कूल और सर्वोदय विद्यालय शामिल हैं। धमकी मिलते ही स्कूल प्रशासन ने पुलिस को सूचित किया और तुरंत एहतियाती कदम उठाते हुए छात्रों व स्टाफ को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
सुरक्षा बलों की कार्रवाई:
पुलिस और बम निरोधक दस्ते मौके पर पहुंचे और पूरे स्कूल परिसर की बारीकी से जांच शुरू की। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया, “अब तक की जांच में कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला है, लेकिन हम पूरी सावधानी बरतते हुए तलाशी अभियान जारी रखे हुए हैं। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि धमकियां किसने और क्यों दीं। साथ ही, यह भी जांच हो रही है कि क्या ये धमकियां किसी समन्वित साजिश या डर का माहौल बनाने की योजना का हिस्सा हैं। फिलहाल सभी स्कूलों को खाली करा लिया गया है और सुरक्षा एजेंसियां चौकन्नी हैं। जब तक तलाशी पूरी नहीं हो जाती, स्कूलों में किसी को प्रवेश की अनुमति नहीं दी जा रही है।