Indian singer Zubeen Garg death: उत्तर-पूर्व भारत के लोकप्रिय गायक, संगीतकार और अभिनेता जुबीन गर्ग का शुक्रवार को सिंगापुर में स्कूबा डाइविंग के दौरान एक दर्दनाक हादसे में निधन हो गया। वे 52 वर्ष के थे। जुबीन सिंगापुर में नॉर्थ ईस्ट फेस्टिवल में परफॉर्म करने गए थे, जहां 20 सितंबर को उनका लाइव शो तय था।
दोपहर करीब 1:30 बजे, वे सिंगापुर की खाड़ी में स्कूबा डाइविंग के दौरान अचानक बेहोश हो गए। स्थानीय पुलिस और बचाव टीम ने उन्हें तुरंत समुद्र से बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका।
38,000 से ज्यादा गानों की अनमोल विरासत
जुबीन गर्ग को ‘उत्तर-पूर्व का रॉकस्टार’ कहा जाता था। उन्होंने अपने करियर में 40 से अधिक भाषाओं में 38,000+ गाने रिकॉर्ड किए। उनका गाया हुआ गीत ‘या अली’ (फिल्म: गैंगस्टर) उन्हें राष्ट्रीय पहचान दिलाने वाला सुपरहिट गाना बना।
वे 12 से ज्यादा वाद्ययंत्र बजाने में दक्ष थे और असमिया, हिंदी, बांग्ला संगीत में उनका योगदान अमूल्य रहा। जुबीन असम के सबसे अधिक कमाई करने वाले कलाकारों में गिने जाते थे। उनके निधन से फिल्म और संगीत जगत स्तब्ध है। कई कलाकारों, राजनेताओं और प्रशंसकों ने सोशल मीडिया पर जुबीन को श्रद्धांजलि दी है।
गृह मंत्री अमित शाह व्यक्त किया दुख
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शुक्रवार को असम के लोकप्रिय गायक जुबिन गर्ग के सिंगापुर में निधन पर दुख व्यक्त किया और कहा कि उनके निधन से एक ऐसा शून्य पैदा हो गया है जो कभी नहीं भरेगा। ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “असम के प्रतिष्ठित गायक, संगीतकार और फिल्मी हस्ती जुबिन गर्ग जी के निधन के बारे में जानकर गहरा दुख हुआ।” शाह ने कहा, “गर्ग ने अपनी स्वर्णिम आवाज से दशकों तक श्रोताओं को मंत्रमुग्ध किया और अपने कालातीत संगीत से पूरे भारत को एकता के सूत्र में पिरोया।” उन्होंने कहा, “इस कठिन समय में मेरी संवेदनाएं उनके परिवार, मित्रों और लाखों प्रशंसकों के साथ हैं।”