Campus Tank Punjab (मोहाली): केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने शनिवार को चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी, मोहाली में ‘कैंपस टैंक पंजाब’ कार्यक्रम का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम युवाओं को स्टार्टअप और नवाचार के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित करने के लिए प्रेरित करने वाला एक क्रांतिकारी मंच है।
आत्मनिर्भर भारत के लिए अहम पहल
कार्यक्रम के दौरान खट्टर ने कहा कि यह मंच छात्रों और युवा उद्यमियों को उनके रचनात्मक विचारों को व्यावसायिक सफलता में बदलने का अवसर प्रदान करेगा। उन्होंने कहा, “यह पहल युवाओं को न केवल सशक्त बनाएगी बल्कि उन्हें आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में सक्रिय भागीदार भी बनाएगी।उन्होंने देश में स्टार्टअप संस्कृति में आए बदलाव का जिक्र करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत का स्टार्टअप सफर वास्तव में परिवर्तनकारी रहा है। जहां एक दशक पहले देश में कुछ सौ स्टार्टअप थे, आज यह संख्या 1.76 लाख से अधिक हो चुकी है, जिनमें से 75,000 महिलाएं नेतृत्व कर रही हैं और 115 यूनिकॉर्न स्टार्टअप्स का दर्जा प्राप्त कर चुके हैं।
भारत विश्व स्तर पर नवाचार का केंद्र
खट्टर ने कहा कि भारत आज विश्व स्तर पर नवाचार का केंद्र बन चुका है। ये स्टार्टअप्स न केवल रोजगार के अवसर पैदा कर रहे हैं, बल्कि भारत को मजबूत, आत्मनिर्भर और प्रतिस्पर्धी बनाने में भी योगदान दे रहे हैं। उन्होंने कहा, “हमारे युवाओं की उद्यमशीलता की भावना ‘विकसित भारत 2047’ के सपने को साकार करने की दिशा में आगे बढ़ रही है। कार्यक्रम के अंत में उन्होंने युवाओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा, “मैं सभी नवोन्मेषकों को इस नई भारत निर्माण यात्रा में सफलता की शुभकामनाएं देता हूं।”