यमुना नदी का जलस्तर बढ़ा, दिल्ली के निचले इलाकों में घरों में घुसना शुरू हुआ पानी

yamuna

Delhi Yamuna Flood (नई दिल्ली): दिल्ली में मंगलवार को यमुना नदी का जलस्तर खतरे के निशान को पार कर गया, जिससे यमुना पार इलाके के कई हिस्सों में घरों और सड़कों में पानी घुस गया। इससे राष्ट्रीय राजधानी के निचले इलाकों में बाढ़ का खतरा उत्पन्न हो गया है। रातभर हुई भारी बारिश के चलते मयूर विहार और यमुना पार क्षेत्रों सहित कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई।

खतरे के निशान के ऊपर हुई यमुना

अधिकारियों के अनुसार, मंगलवार सुबह यमुना नदी ने पुराने रेलवे पुल पर खतरे के निशान 205.33 मीटर को पार कर 205.80 मीटर तक पहुंच गई। जलस्तर बढ़ने के पीछे प्रमुख कारण ऊपरी क्षेत्रों से छोड़ा गया पानी है। इसमें हथिनीकुंड बैराज से 1.76 लाख क्यूसेक, वजीराबाद बैराज से 69,210 क्यूसेक, ओखला बैराज से 73,619 क्यूसेक पानी छोड़ा गया।

सीएम रेखा गुप्ता ने दिया प्रबंधन का आदेश

दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता ने अधिकारियों को उचित कदम उठाने का निर्देश दिया है। इसके बाद प्रशासन सतर्क है। नदी किनारे रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह दी जा रही है। अधिकारी नावों के जरिए घोषणाएं कर रहे हैं और लोगों से बाढ़ संभावित क्षेत्रों को खाली करने का आग्रह किया जा रहा है। एक अधिकारी ने बताया, “हम लगातार निवासियों से बाढ़ के खतरे वाले इलाकों को खाली करने का अनुरोध कर रहे हैं। सभी जिलाधिकारियों को किसी भी आपात स्थिति के लिए तैयार रहने के निर्देश दिए गए हैं।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *