हरियाणा: ग्रामीण चौकीदारों को मुख्यमंत्री नायब सैनी ने दिया दिवाली तोहफा

Screenshot

पंचकूला: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने आज पंचकूला में आयोजित “हरियाणा ग्रामीण चौकीदार सम्मान समारोह” में भाग लिया और प्रदेश के ग्रामीण चौकीदारों के हित में कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। समारोह में उन्होंने गांवों की सुरक्षा में चौकीदारों की महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित करते हुए कहा कि ये गांवों के सच्चे प्रहरी हैं और इनके सम्मान व कल्याण को सरकार प्राथमिकता देती है।

बढ़ाया चौकीदारी का वेतन

मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि ग्रामीण चौकीदारों का मासिक मानदेय अब 11,000 रुपये से बढ़ाकर 15,221 रुपये कर दिया गया है। इसके अलावा वार्षिक वर्दी भत्ता 4,000 रुपये से बढ़ाकर 5,000 रुपये, लाठी-बैटरी-सीटी एवं छाता भत्ता 1,000 रुपये से बढ़ाकर 1,500 रुपये तथा साइकिल भत्ता 3,500 रुपये से बढ़ाकर 5,000 रुपये कर दिया गया है।

सबसे महत्वपूर्ण घोषणा यह रही कि हरियाणा के इतिहास में पहली बार ग्रामीण चौकीदारों को ईएसआई (ESI) का लाभ दिया जाएगा। साथ ही उन्हें हरियाणा श्रम कल्याण कोष के दायरे में भी शामिल किया जाएगा, जिससे उनके परिवारों को सामाजिक सुरक्षा और कल्याणकारी सुविधाएं मिल सकेंगी। मुख्यमंत्री ने इन सभी निर्णयों की अधिसूचना शीघ्र जारी करने के निर्देश दिए हैं।

चौकीदारों को सराहा

नायब सैनी ने कहा कि गांव की सुरक्षा और समाज के प्रति ग्रामीण चौकीदारों की निष्ठा एवं समर्पण अमूल्य है। उनकी मेहनत का सम्मान और उनके परिवारों की खुशहाली सरकार की प्राथमिकता है। समारोह में बड़ी संख्या में ग्रामीण चौकीदार उपस्थित थे, जिन्होंने सरकार के इन फैसलों का स्वागत किया।

यह कदम हरियाणा सरकार की ग्रामीण सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने और जमीनी स्तर पर काम करने वाले कर्मियों के कल्याण को सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *