PM मोदी करेंगे कर्तव्य भवन का उद्घाटन, जानिए क्यों खास है यह आधुनिक प्रशासनिक परिसर

PM Modi Inauguration Kartavya Bhawan (नई दिल्ली): प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कल 6 अगस्त को दिल्ली के कर्तव्य पथ पर नवनिर्मित कर्तव्य भवन-3 का उद्घाटन करेंगे। यह इमारत सेंट्रल विस्टा परियोजना के तहत निर्मित होने वाले कई कॉमन सेंट्रल सेक्रेटेरियट भवनों में से पहला है, जिसका उद्देश्य प्रशासनिक कार्यों को अधिक कुशल और केंद्रीकृत बनाना है।

करीब 1.5 लाख वर्ग मीटर क्षेत्र में फैले इस अत्याधुनिक भवन में दो बेसमेंट और सात मंजिलें (भूतल सहित) होंगी। इसे इस तरह से डिजाइन किया गया है कि देश के प्रमुख मंत्रालय और विभाग एक ही स्थान पर कार्य कर सकें, जिससे आपसी समन्वय और शासन व्यवस्था में तेजी आए।

क्यों है कर्तव्य भवन-3 खास?

कर्तव्य भवन-3 में गृह मंत्रालय, विदेश मंत्रालय, ग्रामीण विकास मंत्रालय, एमएसएमई मंत्रालय, कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग, पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय और प्रधान वैज्ञानिक सलाहकार (PSA) के कार्यालय होंगे। अभी ये मंत्रालय दिल्ली के अलग-अलग हिस्सों में फैले हुए हैं और पुराने भवनों जैसे शास्त्री भवन, कृषि भवन और निर्माण भवन में कार्यरत हैं जो अब काफी पुराने और अप्रभावी हो चुके हैं। इस नई व्यवस्था से नवाचार, सहयोग और पारदर्शिता को बल मिलेगा, साथ ही रखरखाव की लागत भी कम होगी।

पर्यावरण के अनुकूल तकनीक से युक्त

कर्तव्य भवन एक ग्रीन बिल्डिंग है, जिसे GRIHA-4 रेटिंग हासिल करने का लक्ष्य है। यहां सोलर पैनल, सोलर वॉटर हीटिंग सिस्टम, अत्याधुनिक एचवीएसी तकनीक, वर्षा जल संचयन और अपशिष्ट जल शोधन एवं पुनः उपयोग की व्यवस्था की गई है। इसके निर्माण में रीसायकल सामग्री और मलबे का भी उपयोग किया गया है। भवन की संरचना को हल्का और टिकाऊ रखने के लिए ड्राई वॉल और हल्की ईंटों का प्रयोग किया गया है।

निगरानी और सुरक्षा

यह भवन पूरी तरह से आईटी-सक्षम है, जिसमें ID कार्ड आधारित प्रवेश, एकीकृत इलेक्ट्रॉनिक निगरानी प्रणाली और एक केंद्रीकृत कमांड सेंटर शामिल है जो सुरक्षा और प्रबंधन को अधिक चुस्त बनाएगा। कर्तव्य भवन न केवल एक कार्यालय परिसर है, बल्कि यह आधुनिक भारत के कुशल और पारदर्शी प्रशासन का प्रतीक भी है। इसके उद्घाटन के साथ, सेंट्रल विस्टा परियोजना का एक और प्रमुख चरण पूरा हो जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *