दिल्ली के तीन स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी, मचा हड़कंप; मौके पर पहुंचे जांच दल

Delhi Police

Bomb threat to Delhi schools: दिल्ली के कम से कम तीन स्कूलों को सोमवार सुबह बम से उड़ाने की धमकी भरे ईमेल मिलने के बाद हड़कंप मच गया। छात्रों और शिक्षकों के बीच अफरातफरी मच गई। अभिभावक भी परेशान हो उठे। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीमों ने संबंधित स्कूल परिसरों की गहन तलाशी ली।

इन स्कूलों को मिली धमकी

दिल्ली पुलिस के अनुसार सुबह करीब आठ बजे प्रशांत विहार और द्वारका सेक्टर-16 स्थित केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के दो स्कूलों और चाणक्यपुरी स्थित एक अन्य स्कूल को ईमेल के माध्यम से धमकी दी गई। पुलिस उपायुक्त (द्वारका) अंकित सिंह ने बताया, “द्वारका उत्तर थाने को सुबह धमकी की सूचना मिली, जिसके बाद स्थानीय पुलिस, डॉग स्क्वॉड और बम निरोधक दस्ते तुरंत स्कूल पहुंचे और व्यापक तलाशी अभियान चलाया गया।”

नहीं मिला कोई संदिग्ध सामान

दिल्ली पुलिस ने बताया कि अब तक जांच में कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला है, लेकिन सतर्कता बरतते हुए स्कूलों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। साइबर विशेषज्ञों की मदद से धमकी भरे ईमेल के स्रोत का पता लगाया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *