यमुना का दौरा कर बोले मंत्री प्रवेश वर्मा, राजधानी मानसून से निपटने को तैयार

पीडब्ल्यूडी मंत्री प्रवेश वर्मा

(नई दिल्ली): दिल्ली के सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण मंत्री प्रवेश वर्मा ने रविवार को यमुना नदी के पल्ला क्षेत्र का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि राजधानी की अधिकांश जल निकासी सिस्टम ठीक तरीके से काम कर रहा है। कुछ मिनटों के लिए पानी का ठहराव जलजमाव की श्रेणी में नहीं आता।

मंत्री वर्मा ने कहा, “अगर बारिश के बाद पानी कुछ ही मिनटों में निकल जाता है, तो उसे जलजमाव नहीं कहा जा सकता। असली जलजमाव तब होता है जब पानी चार से पांच घंटे या उससे अधिक समय तक सड़कों पर जमा रहता है। दिल्ली के अधिकतर इलाकों में जल निकासी सिस्टम सही ढंग से काम कर रहा है।”

मानसून पूर्व तैयारियों का लिया जायजा

मंत्री का यह दौरा राजधानी में मानसून के चरम से पहले यमुना नदी की स्थिति का आकलन करने और बाढ़ नियंत्रण व जल निकासी व्यवस्थाओं की समीक्षा करने के उद्देश्य से किया गया। मंत्री ने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ यमुना नदी में नाव द्वारा निरीक्षण किया और नदी के जल स्तर, प्रवाह पैटर्न और तटबंधों की स्थिति का जायजा लिया।

इस निरीक्षण के दौरान पल्ला पॉइंट से नदी के पानी का नमूना भी लिया गया, जिसे वैज्ञानिक परीक्षण के लिए भेजा गया है ताकि जल की गुणवत्ता का आकलन किया जा सके। साथ ही बाढ़ की तैयारियों का मूल्यांकन करने के लिए विभागीय अधिकारियों के साथ एक विस्तृत समीक्षा बैठक भी आयोजित की गई। मंत्री वर्मा ने अधिकारियों को मानसून के दौरान सतर्क रहने और किसी भी प्रकार की आपात स्थिति के लिए तैयार रहने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि जलभराव से जुड़ी शिकायतों का निपटारा तत्काल और प्रभावी ढंग से होना चाहिए।

विपक्ष पर साधा निशाना,

आम आदमी पार्टी और अन्य विपक्षी दलों द्वारा राजधानी में जलभराव को लेकर किए जा रहे दावों पर प्रतिक्रिया देते हुए वर्मा ने कहा, “केवल तीन-चार जगहों की तस्वीरें या वीडियो दिखाकर पूरे दिल्ली की हालत का आकलन करना गलत है। दिल्ली एक विशाल शहर है, और इसकी अधिकांश जल निकासी व्यवस्थाएं सामान्य रूप से कार्य कर रही हैं।”

उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि किसी भी स्थान पर यदि जलभराव हो, तो उसे शीघ्रता से हटाया जाए और नागरिकों को न्यूनतम असुविधा हो। उन्होंने यह भी कहा कि सभी संबंधित विभाग एकजुट होकर कार्य कर रहे हैं और मानसून से पहले सभी जरूरी तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *