(लखनऊ): रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री चंद्रभानु गुप्त की प्रतिमा का अनावरण किया और उनके सम्मान में एक विशेष डाक टिकट भी जारी किया । इस दौरान सिंह ने कहा, “कुछ दिन पहले ही, मैंने लखनऊ में ब्रह्मोस एयरोस्पेस की एकीकरण और परीक्षण सुविधा का उद्घाटन किया। यह सुविधा रक्षा क्षेत्र में हमारे देश की आत्मनिर्भरता को मज़बूत करेगी। इससे रोज़गार भी पैदा होगा।
यूपी में बेहतर कानून व्यवस्था और विकास को सराहा
रक्षा मंत्री ने उत्तर प्रदेश में कानून व्यवस्था की स्थिति की सराहना करते हुए कहा कि अब राज्य में निवेश का माहौल बेहतर हुआ है, जिससे उद्योग-धंधे पनप रहे हैं। उन्होंने कहा, “प्रदेश में आधारभूत ढांचे में ऐतिहासिक परिवर्तन हो रहे हैं। एक्सप्रेसवे, हवाई अड्डे, मेट्रो परियोजनाएं और मेडिकल कॉलेज जैसे विकास कार्य उत्तर प्रदेश की नई तस्वीर पेश कर रहे हैं।”
सत्ता नहीं, सेवा का प्रतीक
राजनाथ सिंह ने उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री चंद्रभानु गुप्त के योगदान को भी याद किया। उन्होंने कहा कि गुप्त जी ने एक साधारण कार्यकर्ता से अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत की और त्याग, ईमानदारी और नेतृत्व के बल पर लाखों लोगों के दिलों में जगह बनाई। “उनका जीवन हमें बताता है कि सत्ता का अर्थ केवल अधिकार नहीं, बल्कि जिम्मेदारी और सेवा है,” सिंह ने कहा। उन्होंने यह भी कहा कि राजनीति में मतभेद हो सकते हैं, लेकिन दुश्मनी नहीं होनी चाहिए। चंद्रभानु गुप्त जी हमेशा एक जनसेवक की भूमिका में रहे और जनकल्याण के कार्यों को सर्वोपरि रखा। सिंह ने बताया कि जब चंद्रभानु गुप्त मुख्यमंत्री बने, तब उन्होंने पहले ही दिन मंत्रियों के वेतन और भत्ते में कटौती कर सरकारी खर्च को कम करने की मिसाल पेश की।
‘कामराज योजना’ का विरोध और इस्तीफा
राजनाथ सिंह ने उस दौर को याद किया जब चंद्रभानु गुप्त को ‘कामराज योजना’ के चलते मुख्यमंत्री पद छोड़ना पड़ा था। यह योजना 1963 में कांग्रेस नेता के. कामराज के प्रस्ताव पर लागू की गई थी, जिसमें वरिष्ठ नेताओं को संगठनात्मक कार्यों में लगाने के लिए सत्ता छोड़ने का आग्रह किया गया था। “गुप्त जी इस योजना से सहमत नहीं थे, लेकिन उन्होंने पार्टी की भावना का सम्मान करते हुए इस्तीफा दे दिया,”उन्होने ने कहा। कार्यक्रम का समापन चंद्रभानु गुप्त के जीवन और संघर्ष को नई पीढ़ी के लिए प्रेरणा बताते हुए किया गया। राजनाथ सिंह ने कहा कि आज जो प्रशासनिक व्यवस्था देश और प्रदेश में काम कर रही है, उसकी नींव चंद्रभानु गुप्त जैसे नेताओं ने ही रखी थी।