UP Assembly Byelection BJP List Released 2024: भारतीय जनता पार्टी ने यूपी विधानसभा चुनाव के लिए अपने प्रत्याशियों की पहली लिस्ट जारी कर दी है। इस लिस्ट में सात प्रत्याशियों के नामों का ऐलान किया गया है। बीजेपी ने अभी कानपुर की सीमामऊ और अयोध्या की मिल्कीपुर से किसी प्रत्याशी की घोषणा नहीं की है। कुंदरकी से रामवीर सिंह ठाकुर, गाजियाबाद से संजीव शर्मा, खैर (अजा) से सुरेंद्र दिलेर को टिकट दिया गया है।
बीजेपी ने कानपुर की सीसामऊ सीट पर अभी प्रत्याशी घोषित नहीं किया है। मुजफ्फरनगर की मीरापुर सीट सहयोगी राष्ट्रीय लोक दल के लिए छोड़ी है। प्रदेश में 10 सीटों पर विधानसभा उपचुनाव होना है। जिसमें बीजेपी 9 सीटों पर चुनाव लड़ने जा रही है और एक सीट अपने सहयोगी दल के लिए छोड़ी है।
बता दें कि, कानपुर की सीसीमऊ, प्रयागराज की फूलपुर, मैनपुरी की करहल, मिर्जापुर की मझवां, अयोध्या की मिल्कीपुर, अंबेडकरनगर की कटेहरी, गाजियाबाद सदर, अलीगढ़ की खैर, मुरादाबाद की कुंदरकी और मुजफ्फरनगर की मीरापुर सीट पर उपचुनाव होना है। बीजेपी ने अभी सात सीटों पर उम्मीदवारों की घोषणा की है।
मैनपुरी की करहल विधानसभा सीट सपा का सबसे मजबूत गढ़ मानी जाती है। इस सीट पर साल 2022 में अखिलेश यादव ने बीजेपी प्रत्याशी केंद्रीय मंत्री प्रोफेसर एसपी सिंह बघेल को हराया था। हाल में हुए लोकसभा चुनाव में कन्नौज से सांसद बनने के बाद अखिलेश ने इस सीट से इस्तीफा दिया था। उपचुनाव के लिए सपा ने पूर्व सांसद तेज प्रताप यादव को प्रत्याशी घोषित किया है।
तेज प्रताप यादव मुलायम सिंह यादव के भाई के पौत्र और लालू प्रसाद यादव के दामाद हैं। बीजेपी ने इस सीट पर अनुजेश यादव को टिकट दिया है। अनुजेश यादव रिश्ते में अखिलेश यादव के जीजा लगते हैं। अलीगढ़ की खैर सीट जाट बाहुल्य है। इस सीट पर रालोद के मुखिया जयंत चौधरी का भी प्रभाव है। उनके बाबा पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह के समय से यह क्षेत्र परिवार से जुड़ा हुआ है।
साल 2022 में बीजेपी प्रत्याशी अनूप प्रधान ने लगातार दूसरी बार जीत हासिल की थी। लोकसभा चुनाव में वे हाथरस से जीते थे। उनके सांसद बनने के चलते खैर विधानसभा सीट रिक्त है। बीजेपी ने इस सीट पर सुरेंद्र दिलेर को मैदान में उतारा है। सुरेंद्र दिलेर जाट समाज से आते हैं। इस सीट पर एक बार फिर से रोचक मुकाबला देखने को मिलेगा।
Read Also: http://ICC Test Ranking: बुमराह और रूट की बादशाहत कायम, पंत ने कोहली को पछाड़ा, सरफराज को भी फायदा
बीजेपी के लिए कुंदरकी सीट बड़ी चुनौती
वहीं, मुस्लिम बाहुल्य कुंदरकी विधानसभा सीट बीजेपी के लिए बड़ी चुनौती बनी हुई है। साल 2022 में चुने गए सपा विधायक जियाउर्रहमान बर्क के संभल से सांसद बनने के बाद रिक्त इस सीट पर अभी किसी पार्टी ने प्रत्याशी की घोषणा नहीं की थी। क्षेत्र में 63 प्रतिशत मुस्लिम मतदाता है। हालांकि, हाल ही में हुए सर्वे में 22 हजार फर्जी मतदाताओं के नाम कटे हैं। इनमें 15 हजार से अधिक मतदाता सपा समर्थित बताए गए हैं। बीजेपी ने इस सीट पर रामवीर सिंह ठाकुर को प्रत्याशी बनाया है।
मझवां सीट पर सुचिस्मिता मौर्य को टिकट
मिर्जापुर की मझवां विधानसभा सीट कई दिग्गजों का अखाड़ा रह चुकी है। 2022 में निषाद पार्टी के टिकट पर बीजेपी गठबंधन से विनोद बिंद ने यहां से चुनाव जीता था। 2024 में बीजेपी के टिकट पर डॉक्टर विनोद बिंद के भदोही से सांसद चुने जाने के बाद यह सीट खाली हुई है। मंझवा सीट से 2002, 2007, 2012 में लगातार तीन बार बसपा से चुनाव जीत चुके रमेश बिंद ने सपा में शामिल होने के बाद अपनी बेटी डॉक्टर ज्योति बिंद को पहली बार चुनावी मैदान में उतारा है।
रमेश बिंद ने 2019 में बीजेपी के टिकट पर भदोही से लोकसभा का चुनाव जीता था, हालांकि 2024 के लोकसभा चुनाव में टिकट नहीं मिलने पर सपा में शामिल हो गए थे। बीजेपी ने इस सीट पर सुचिस्मिता मौर्य को टिकट दिया है।
कटेहरी सीट पर धर्मराज निषाद
अंबेडकरनगर की कटेहरी विधानसभा सीट पर वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में सपा ने जीत दर्ज की थी। बसपा छोड़कर आए लालजी वर्मा सपा से विधायक निर्वाचित हुए थे। सांसद चुने जाने के बाद उन्होंने विधानसभा से इस्तीफा दिया था। उपचुनाव के लिए सपा ने लालजी वर्मा की पत्नी पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष शोभावती वर्मा को प्रत्याशी घोषित किया है। वहीं, बसपा ने अमित वर्मा को प्रत्याशी बनाया है। कटेहरी सीट पर बीजेपी ने धर्मराज निषाद को मैदान में उतारा है।
फूलपुर सीट से दीपक पटेल
प्रयागराज में फूलपुर विधानसभा सीट का उपचुनाव प्रवीण पटेल के सांसद बनने के बाद इस्तीफे की वजह से हो रहा है। वह 2022 में इस क्षेत्र से बीजेपी प्रत्याशी के रूप में जीते थे। बीते विधानसभा चुनाव में मुज्तबा सिद्दीकी को 2,732 वोटों के अंतर से हराया था, वह फिर समाजवादी पार्टी से उम्मीदवार हैं। सपा को पिछड़ा दलित व अल्पसंख्यक वोटरों पर भरोसा है। यह सीट बीजेपी के लिए नाक की सीट बनी हुई है। बीजेपी ने इस सीट पर दीपक पटेल को टिकट दिया है।