सिक्किम में लैंडस्लाइड से भारी तबाही, कई घर टूटे; पहाड़ी से गांव की ओर बहता दिखा मलबा

Sikkim Landslide: सिक्किम में गुरुवार देर रात भारी बारिश के बाद लैंडस्लाइड की घटना सामने आई है। पश्चिम सिक्किम के युक्सोम-ताशीडिंग क्षेत्र के रिंबी गांव में पहाड़ी से बड़ी मात्रा में चट्टान, मिट्टी और मलबा तेजी से नीचे की ओर बहने लगा। लैंडस्लाइड की चपेट में आने से कई घरों को नुकसान पहुंचा है और कुछ घर तबाह हो गए हैं। हालांकि, अभी तक किसी के हताहत होने की जानकारी सामने नहीं आई है।

मलबा तेजी से गांव की तरफ बहा

लैंडस्लाइड के बाद पहाड़ी से मिट्टी, पत्थर और कीचड़ तेजी से गांव की तरफ बहता दिखाई दिया। घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें पहाड़ी से भारी मात्रा में मलबा नीचे की ओर आते हुए नजर आ रहा है। वीडियो में मलबे के तेज बहाव से आसपास के इलाकों में बनी स्थिति का अंदाजा लगाया जा सकता है।

लगातार हो रही बारिश के कारण आसपास के घरों और संपत्ति के साथ सड़क संपर्क पर भी खतरा बना हुआ है। प्रशासन की ओर से लोगों से सतर्क रहने और सावधानी बरतने की अपील की गई है।

पहले भी सड़क को पहुंचा था नुकसान

रिंबी इलाके में इससे पहले भी लैंडस्लाइड के कारण रिंबी को खेचोपालरी से जोड़ने वाली सड़क का एक हिस्सा बह गया था। सिक्किम सरकार की ओर से मानसून के दौरान खराब हुई सड़कों की राज्यव्यापी जांच भी शुरू की गई थी। अधिकारियों को प्रभावित क्षेत्रों में संपर्क व्यवस्था बहाल करने के लिए तेजी से काम करने के निर्देश दिए गए थे।

सरकारी बयान के मुताबिक, सड़क एवं पुल मंत्री एनबी दहाल ने युक्सोम-ताशीडिंग निर्वाचन क्षेत्र में रिंबी और आसपास के इलाकों में खराब सड़कों का निरीक्षण किया था। इस दौरान सड़क को हुए नुकसान और सुरक्षा जोखिमों का आकलन किया गया।

मरम्मत का काम तेज करने के निर्देश

लैंडस्लाइड के कारण क्षतिग्रस्त हुई रिंबी-खेचोपालरी सड़क की मरम्मत के लिए अधिकारियों को काम शुरू करने के निर्देश दिए गए। मंत्री ने नेशनल हाईवेज एंड इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट कॉरपोरेशन लिमिटेड (NHIDCL) के अधिकारियों और ठेकेदारों से मरम्मत कार्य में तेजी लाने को कहा, ताकि लोगों को होने वाली परेशानी को कम किया जा सके। फिलहाल भारी बारिश के बीच रिंबी गांव और आसपास के इलाकों में लैंडस्लाइड के खतरे को देखते हुए सतर्कता बरती जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *