पाकिस्तानी पत्रकार की जयशंकर ने कर दी बोलती बंद, कहा-“एक आतंकी देश हमसे सवाल पूछ रहा”

न्यूयॉर्क में संयुक्त राष्ट्र महासभा के 81वें सत्र के दौरान विदेश मंत्री एस. जयशंकर से एक पाकिस्तानी पत्रकार ने आतंकवाद को लेकर सवाल किया। पत्रकार ने भारत सरकार पर पाकिस्तान में आतंकवाद को बढ़ावा देने का आरोप लगाते हुए पूछा कि भारत इसे कब बंद करेगा। सवाल सुनने के बाद जयशंकर ने पलटकर जवाब दिया, “एक आतंकवादी देश मुझसे यह सवाल पूछ रहा है। हद है।”

यह घटना शुक्रवार को उस प्रेस ब्रीफिंग के दौरान हुई, जिसमें जयशंकर लाइबेरिया की विदेश मंत्री सारा बेइसोलो न्यंती के साथ मौजूद थे। प्रेस कॉन्फ्रेंस का विषय ‘शिपिंग और नाविकों की सुरक्षा’ से जुड़े ‘ग्रुप ऑफ फ्रेंड्स’ पर था। कार्यक्रम शुरू होने से पहले बताया गया था कि ब्रीफिंग केवल बयान देने तक सीमित रहेगी। इसके बावजूद अंत में पाकिस्तानी पत्रकार ने बीच में सवाल करने की कोशिश की।

पत्रकार ने क्या पूछा?

पाकिस्तानी पत्रकार ने जयशंकर से पूछा, “आपकी सरकार पाकिस्तान में आतंकवाद को बढ़ावा देना कब बंद करेगी?” इसके जवाब में विदेश मंत्री ने कहा, “एक आतंकवादी देश मुझसे यह सवाल पूछ रहा है। हद है।” जयशंकर के इस जवाब के बाद यह मामला चर्चा में आ गया।

UN महासभा के लिए न्यूयॉर्क में हैं जयशंकर

विदेश मंत्री एस. जयशंकर संयुक्त राष्ट्र महासभा के ‘हाई-लेवल वीक’ में हिस्सा लेने के लिए भारतीय प्रतिनिधिमंडल के साथ न्यूयॉर्क में हैं। शनिवार को उन्हें ‘हाई-लेवल सेशन’ को संबोधित करना है। अपने दौरे के दौरान जयशंकर कई द्विपक्षीय और बहुपक्षीय बैठकों में भी शामिल हुए हैं।

शहबाज शरीफ से भी पूछे गए थे आतंकवाद पर सवाल

इससे पहले गुरुवार को पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ से भी न्यूयॉर्क में आतंकवाद को लेकर सवाल पूछे गए थे। संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय पहुंचने पर पत्रकारों ने उनसे पाकिस्तान में आतंकवादियों को पनाह देने और 26/11 मुंबई हमलों के मास्टरमाइंड हाफिज सईद पर मुकदमे को लेकर सवाल किया। हालांकि, शहबाज शरीफ ने इन सवालों का जवाब नहीं दिया।

भारत लगातार पाकिस्तान पर अपनी जमीन से सक्रिय आतंकवादी संगठनों को बढ़ावा देने का आरोप लगाता रहा है। भारत की ओर से इस्लामाबाद से सीमा-पार आतंकवाद के खिलाफ ठोस और सत्यापन योग्य कार्रवाई करने की मांग भी की जाती रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *