Bahraich Violence Update: बहराइच सांप्रदायिक हिंसा के पांचों आरोपियों की कोर्ट में पेशी समाप्त हो गई है। अदालत ने आरोपियों की 14 दिनों की रिमांड पुलिस को सौंप दी है। शुक्रवार को पुलिस ने पांचों आरोपियों को सुरक्षा कारणों की वजह से अपर जिला जज पूनम पाठक के आवास पर ही पेश किया। इस दौरान आसपास सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई थी। पेशी के बाद अदालत ने आरोपियों को पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया था।
बताया जा रहा है कि सुरक्षा कारणों की वजह से गिरफ्तार आरोपियों मोहम्मद फहीम, मोहम्मद तालीम, मोहम्मद सरफराज, अब्दुल हमीद और मोहम्मद अफजाल को अतिरिक्त जिला न्यायाधीश पूनम पाठक के आवास पर लाया गया था। पुलिस मुठभेड़ में घायल सरफराज और तालीम को भी अस्पताल से कोर्ट में पेशी के लिए लाया गया था।
दोनों आरोपी गुरुवार को पुलिस मुठभेड़ में घायल हो गए थे। दोनों आरोपियों के पैर में गोली लगी थी, जिसके बाद उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। बता दें कि, बहराइच जिले के महाराजगंज इलाके में 13 अक्टूबर को दुर्गा विसर्जन के दौरान साम्प्रदायिक हिंसा हुई थी, जिसमें एक युवक राम गोपाल मिश्रा की गोली लगने से मौत हो गई थी। इसके बाद अगले दिन पूरे इलाके में हिंसा भड़क उठी थी, जिसमें आगजनी की घटनाएं देखने को मिली थी।
गुरुवार को पुलिस ने इस मामले में पांच आरोपियों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया था, इनमें से दो आरोपी पैर में गोली लगने से घायल हो गए थे। ये मुठभेड़ भारत-नेपाल सीमावर्ती नानपारा कोतवाली क्षेत्र में सरयू मुख्य नहर के निकट हाड़ा बसेहरी में हुई थी। पुलिस के मुताबिक, आरोपी नेपाल भागने की फिराक में थे, जिसके बाद पांचों को गिरफ्तार किया गया। आज कोर्ट ने आरोपियों को पुलिस रिमांड पर भेज दिया है।