यूपी में बारिश का कहर से 15 लोगों की मौत, CM योगी ने 24 घंटे में मुआवजे के दिए निर्देश

Heavy Rainfall in up: उत्तर प्रदेश में भारी बारिश के कारण पिछले 48 घंटों में अलग-अलग जिलों में 15 लोगों की मौत हो गई है। बारिश और बाढ़ के चलते कई इलाकों में जनजीवन प्रभावित हुआ है। इसके साथ ही पशु हानि और किसानों की फसलों को भी नुकसान पहुंचा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने स्थिति पर नजर रखते हुए प्रभावित लोगों को जल्द राहत पहुंचाने के निर्देश दिए हैं।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया है कि बारिश के कारण जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों, पशु हानि से प्रभावित लोगों और घायलों को 24 घंटे के भीतर नियमानुसार मुआवजा उपलब्ध कराया जाए। सीएम के निर्देश के बाद जिलाधिकारियों ने प्रभावित परिवारों तक आर्थिक सहायता पहुंचाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

प्रभावित इलाकों में अधिकारी कर रहे निगरानी

भारी बारिश और बाढ़ से प्रभावित क्षेत्रों में प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्यों की निगरानी कर रहे हैं। प्रशासन की टीमें प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा रही हैं। लोगों को बाढ़ राहत शिविरों में ले जाने के साथ वहां जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।

सीएम योगी ने अधिकारियों से कहा है कि बारिश और बाढ़ की वजह से आम लोगों को किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने राहत और बचाव कार्य में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए हैं। प्रभावित क्षेत्रों में लगातार स्थिति पर नजर रखने और जरूरतमंद लोगों को तत्काल सहायता उपलब्ध कराने को भी कहा गया है।

किसानों की फसल क्षति का सर्वे शुरू

बारिश से किसानों की खड़ी फसलों को भी नुकसान पहुंचा है। धान, गन्ना और सब्जियों की फसल प्रभावित होने की जानकारी सामने आई है। मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद संबंधित अधिकारी खेतों में पहुंचकर नुकसान का आकलन कर रहे हैं।

फसल क्षति का सर्वे पूरा होने के बाद प्रभावित किसानों को नियमानुसार राहत और मुआवजा उपलब्ध कराया जाएगा। इसी तरह बारिश के कारण हुई पशु हानि का भी आकलन किया जा रहा है। मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद प्रशासन का फोकस प्रभावित परिवारों तक समय पर सहायता पहुंचाने और राहत कार्यों को तेजी से आगे बढ़ाने पर है। जनहानि, पशु हानि और फसल नुकसान से प्रभावित लोगों को नियमानुसार सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *